देश

'केरल में BJP कर रही पूरी कोशिश...', CM विजयन ने Exclusive बातचीत में की खुलकर बात; सरकार की गिनाईं उपलब्धियां

Kerala Assembly Election 2026: केरल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने विश्वास जताया कि एलडीएफ लगातार तीसरी बार जीत हासिल करेगा। बता दें कि केरल में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि 4 मई को चुनावी नतीजे सामने आएंगे।

Image

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन (फोटो साभार: @pinarayivijayan)

Photo : Twitter

Kerala Assembly Election 2026: केरल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पिनराई विजयन (Pinarayi Vijayan) ने विश्वास जताया कि सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत हासिल करेगा। टाइम्स नाउ के साथ खास बातचीत में मुख्यमंत्री विजयन ने अपने कार्यकाल के दौरान हुए जनकल्याण के कामकाजों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में राज्य में बड़े बदलाव हुए हैं।

मुख्यमंत्री विजयन ने कहा, ''लोगों की उम्मीदें हमारे पिछले कामों के अनुभव पर आधारित हैं। इन 10 सालों में, केरल में विभिन्न क्षेत्रों में बड़े बदलाव हुए हैं। एक राज्य के तौर पर केरल ने पहले ही पूरे देश का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है, लेकिन 2016 से पहले कई क्षेत्र कमजोर हो चुके थे और माना जाता था कि उन्हें सुधारा नहीं जा सकता, लेकिन 2016 के बाद स्थिति में बड़ा बदलाव आया और कई ऐसे प्रोजेक्ट पूरे हुए, जो पहले नामुमकिन मानी जाती थी।''

मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने समग्र विकास पर जोर देते हुए कहा, ''पहले पांच वर्षों में हमारा लक्ष्य 50,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का था, लेकिन हमने 62,000 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पूरे किए। 10 वर्षों में कुल 1,16,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए। शिक्षा, सड़क, भवन और अस्पतालों में कई परियोजनाएं लागू की गईं, जिससे राज्य में व्यापक विकास हुआ। केरल का विकास ऐसा है, जिसमें हर क्षेत्र के साथ-साथ हर परिवार और हर व्यक्ति को इसका लाभ मिलता है।''

राज्य सरकार की उपलब्धियों पर बात करते हुए उन्होंने बताया, ''केरल देश का पहला ऐसा राज्य है जिसे 'अत्यधिक गरीबी मुक्त राज्य' घोषित किया गया है। उन्होंने कहा, ''हम केरल के युवाओं को बेहतर जीवन और रोजगार के अवसर देना चाहते हैं। बेहतर शिक्षा के जरिए उन्हें अच्छे रोजगार मिलें, इसके लिए हम अनुकूल माहौल बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।''

निकाय चुनावों में BJP के प्रदर्शन पर क्या बोले विजयन?

पिछले साल हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर जीत को पूरे राज्य का रुझान नहीं माना जा सकता है। उन्होंने कहा, ''भाजपा कोशिश कर रही है, लेकिन केरल में ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कुछ जगह जीत हासिल की है, लेकिन इसे उनकी बड़ी जीत नहीं माना जा सकता। अभी उन्हें जनता का व्यापक समर्थन नहीं मिला है। हालांकि, वे पूरी कोशिश कर रहे हैं।''

जब उनसे पूछा गया कि केरल के लोग उन्हें एक मजबूत व्यक्तित्व वाले इंसान के तौर पर देखते हैं तो उन्होंने इस पर हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ''मैं एक आम इंसान हूं। मेरे पास कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है।''

केरल में कब होंगे चुनाव?

सनद रहे कि केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि 4 मई को चुनावी नतीजे सामने आएंगे।पिछले विधानसभा चुनाव में एलडीएफ ने 99 सीटें, जबकि यूडीएफ ने 41 सीटें जीती थीं। वहीं, एनडीए को एक भी सीटें नहीं मिल सकी थीं।

Arpitha Ajayakumar
Arpitha Ajayakumarauthor

I’m Arpitha Ajayakumar, Senior reporter for times Network. Born in Kerala but being from a defence family, brought up in different parts of India. My love for my state’s politics and culture has brought me back to my roots. I cover everything from politics to sports and entertainment in God’s own country. If not on field, you will find me watching a Malayalam movie or playing with my puppy.

और पढ़ें
End of Article