Terror Activities: कर्नाटक के कलबुर्गी में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के 23 वर्षीय युवक मोहम्मद समीर को संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि मोहम्मद समीर लंबे समय से वॉट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तान के संदिग्ध आतंकवादियों के संपर्क में था।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि कर्नाटक के कलबुर्गी में गिरफ्तार किया गया उत्तर प्रदेश का रहने वाला 23 वर्षीय एक युवक लंबे समय से वॉट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए कथित तौर पर पाकिस्तान के संदिग्ध आतंकवादियों के संपर्क में था और भारत-विरोधी सामग्री प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया समूह का हिस्सा भी था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी तब दर्ज की गई जब 'सेंट्रल क्राइम ब्रांच' (CCB) के अधिकारियों ने मोहम्मद समीर का मोबाइल फोन खंगाला। समीर बुधवार रात कलबुर्गी के मलागट्टी इलाके में संदिग्ध हरकतें करते हुए पाया गया था।
प्राथमिकी में सीसीबी निरीक्षक अरुण कुमार के हवाले से कहा गया कि, ''मोहम्मद समीर के वॉट्सएप और इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच करने पर पता चला कि वह लंबे समय से शहजाद भट्टी और आबिद जट के लगातार संपर्क में था।'' इसमें यह भी कहा गया है कि समीर के मोबाइल फोन में ''राणा हुनैन, आबिद जट और शहजाद भट्टी'' से जुड़े वीडियो मिले।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'मेरे लिए हर ब्रांड सिर्फ एक FBO', FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने डार्क किचन और अनसेफ फूड के प्रति किया आगाह
'फोन में मिले कई विदेशी नंबर'
प्राथमिकी के मुताबिक, समीर के फोन में विदेश के कई नंबर मिले, जिनके जरिए वह वॉट्सएप और इंस्टाग्राम पर लोगों से संपर्क में था। आबिद जट और शहजाद भट्टी के साथ उसके संपर्क संदिग्ध पाए गए और पूछताछ करने पर समीर ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वे दोनों पाकिस्तान से हैं।
पुलिस शिकायत में कहा गया है कि फोन पर उन तीनों व्यक्तियों से जुड़ी डिजिटल सामग्री मिली, साथ ही कई ऐसे वीडियो भी मिले जिनमें भारत-विरोधी सामग्री थी।
