देश

Telangana New Party: के कविता ने अपनी राजनीतिक पार्टी लॉन्च की, नाम रखा तेलंगाना राष्ट्र सेना

के कविता ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’ (TRS) के गठन की आधिकारिक घोषणा की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के नाम और झंडे का भी अनावरण किया। कविता ने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य तेलंगाना के अधिकारों की रक्षा करना और राज्य के विकास को नई दिशा देना है। उन्होंने इसे तेलंगाना की अस्मिता और जनता की आकांक्षाओं की आवाज बताया।

Image

के कविता ने नई पार्टी टीआरएस की घोषणा की।

Photo : ANI

K Kavitha New Party: तेलंगाना के पूर्व सीएम के चंद्रशेखर राव की बेटी और बीआरएस की पूर्व नेता के. कविता ने शनिवार को आधिकारिक तौर पर अपनी नई राजनीतिक पार्टी 'तेलंगाना राष्ट्र सेना' (TRS) के गठन की घोषणा कर दी है। हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पार्टी के नाम और झंडे का अनावरण किया।

पार्टी लॉन्च के दौरान के. कविता ने स्पष्ट किया कि 'TRS' का मुख्य उद्देश्य तेलंगाना के अधिकारों की रक्षा करना और राज्य के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी तेलंगाना की अस्मिता और यहां के लोगों की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करेगी। राजनीतिक गलियारों में इस कदम को राज्य के आगामी चुनावों से पहले एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

अब हमारा समय है: के कविता

के. कविता ने पार्टी के नाम की घोषणा करते हुए एक पोस्ट भी शेयर किया, जिसमें लिखा कि तुम्हारा समय समाप्त हुआ, अब हमारा समय है।

अपनी आकांक्षाओं को मिटने नहीं देंगे। इस पोस्ट में के. कविता ने यह भी लिखा, "हम पीछे नहीं हटेंगे, चाहे कुछ भी हो जाए; अब समय आ गया है कि तेलंगाना की जनता अपनी बात कहे। हम अपनी आकांक्षाओं को मिटने नहीं देंगे; अगर तुम हमारे रास्ते में आए, तो राख बनकर रह जाओगे।"

के कविता ने बीआरएस पर साधा निशाना

बता दें कि महीनों पहले के कविता को उनके ही पिता की पार्टी बीआरएस से निलंबित कर दिया गया था। हाल ही में उन्होंने बीआरएस पर निशाना भी साधा था। उन्होंने कहा कि BRS पार्टी का गठन तेलंगाना की क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए किया गया था, लेकिन उन्होंने अपना नाम, काम और पार्टी की मूल भावना ही बदल दी, जिसके वजह से जनता के साथ उनका संबंध टूट गया।

उन्होंने आगे यह भी कहा कि जिस BRS पार्टी के मेरे पिता अध्यक्ष हैं, उसने हमें निष्कासित कर दिया है। हमने उन्हें नहीं छोड़ा है, न परिवार को और न ही पार्टी को। हमें निष्कासित किया गया है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article