देश

सुप्रीम कोर्ट को मिले दो नए जज, जस्टिस मिश्रा और वरिष्ठ अधिवक्ता विश्वनाथन ने ली शपथ

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 19, 2023, 11:40 AM IST

जस्टिस मिश्रा और विश्वनाथन के शपथ लेने के साथ ही सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 34 हो गई है जो इसकी स्वीकृत संख्या है।

Image

Supreme court Judges

Photo : ANI

प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने शुक्रवार को जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और वरिष्ठ अधिवक्ता कल्पति वेंकटरमन विश्वनाथन को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के तौर पर पद की शपथ दिलाई। जस्टिस चंद्रचूड़ ने शीर्ष अदालत के सभागार में आयोजित शपथ-ग्रहण समारोह में नये न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। जस्टिस मिश्रा और विश्वनाथन के शपथ लेने के साथ ही सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 34 हो गई है जो इसकी स्वीकृत संख्या है।

जून में सेवानिवृत्त होंगे तीन जज

हालांकि, शीर्ष अदालत में जजों की पूर्ण संख्या कुछ समय के लिए ही रहेगी क्योंकि शुक्रवार तीन जजों का अंतिम कार्य दिवस भी है जो जून में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। न्यायमूर्ति के एम जोसफ, न्यायमूर्ति अजय रस्तोगी और न्यायमूर्ति वी रामसुब्रमण्यम अगले महीने ग्रीष्मावकाश के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ग्रीष्मावकाश 22 मई से दो जुलाई तक रहेगा।

जस्टिस विश्वनाथन 11 अगस्त, 2030 को न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला के सेवानिवृत्त होने के बाद भारत के प्रधान न्यायाधीश बनेंगे और 25 मई, 2031 तक इस पद पर रहेंगे। जस्टिस मिश्रा और जस्टिस विश्वनाथन की शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के तौर पर नियुक्ति का वारंट राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यालय से गुरुवार को जारी किया गया था। उनकी नियुक्ति की घोषणा नये कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ट्विटर पर की थी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article