देश

VIDEO: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ हो गया खेला, हार के बाद उम्मीदवार ने जीता दिल

Jharkhand Rajya Sabha Election: झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026 के नतीजे आने के बाद कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपनी हार स्वीकार करते हुए झामुमो के वैद्यनाथ राम और निर्दलीय परिमल नाथवानी को बधाई दी। जानिए उन्होंने क्या कहा।

Image

प्रणव झा (बाएं) बैद्यनाथ राम (दाएं) (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Jharkhand Rajya Sabha Election: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों पर हुए सियासी हलचल से भरे चुनाव के नतीजे साफ हो चुके हैं। इन नतीजों में जहां सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने जीत दर्ज की, वहीं दूसरी सीट पर बड़ा उलटफेर करते हुए NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी विजयी रहे। इस त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस के उम्मीदवार प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा। अपनी हार के बाद कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा ने बेहद परिपक्वता और बड़प्पन दिखाते हुए एक बड़ा बयान दिया है।

पार्टी और विधायकों का जताया आभार

नतीजों के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रणव झा ने सबसे पहले अपने केंद्रीय और राज्य नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "मैं सबसे पहले अपने पार्टी का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने एक संगठन के व्यक्ति को यहां झारखंड से उम्मीदवार घोषित किया। मैं आभार व्यक्त करता हूं हमारे सभी विधायकों का जिन्होंने मेहनत करके अपनी तरफ से कोई कमी नहीं छोड़ी।"

'हार-जीत वोटों की संख्या से तय होती है' - प्रणव झा

चुनाव के समीकरणों और नतीजों पर खुलकर बात करते हुए प्रणव झा ने कहा कि लोकतंत्र में आंकड़ों का खेल ही सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा, "यहां किसके पक्ष में कितने मत मिले वो तय करता है कौन विजय हुआ। राज्यसभा चुनाव में दो सीटें थीं और मैदान में तीन उम्मीदवार थे। जो मत दिया उससे दो उम्मीदवार विजय हुए।"

बैद्यनाथ राम और परिमल नाथवानी को दी बधाई

झा ने अपनी हार को स्वीकार करते हुए दोनों विजयी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, " हमारे दल के झारखंड मुक्ति मोर्चा के वैद्यनाथ राम जी उनको मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं। बहुत शुभकामना देता हूं। और दूसरे जो आजाद उम्मीदवार थे परिमल नाथवानी जी उन्हें भी शुभकामनाएं देता हूं। उनके पक्ष में मुझसे मुझसे ज्यादा मत मिले। मैं उम्मीद करता हूं कि वो झारखंड के लोगों के लिए उनकी बेहतरी के लिए काम करेंगे। इस मौके पर इस मौके पर इस मौके पर मैं यही कहना चाहता हूं। दोनों विजयी उम्मीदवारों को बधाई देता हूं।"

क्रॉस वोटिंग की अटकलों के बीच चौंकाने वाले नतीजे

झारखंड विधानसभा में 'इंडिया' (INDIA) ब्लॉक के पास कुल 56 विधायक हैं, जिनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद (RJD) के 4 और भाकपा (माले) के 2 विधायक शामिल हैं। चुनाव से पहले कांग्रेस और गठबंधन के नेताओं ने दावा किया था कि वे एकजुट हैं और दोनों सीटें आसानी से जीत लेंगे। हालांकि, नतीजों ने साफ कर दिया कि गठबंधन के भीतर क्रॉस वोटिंग हुई है, जिसका सीधा फायदा NDA समर्थित परिमल नाथवानी को मिला।

बीजेपी ने पहले ही कर दिया था जीत का दावा

चुनाव से दो दिन पहले ही NDA ने अपने सभी विधायकों को रांची के होटल रेडिसन ब्लू में शिफ्ट कर दिया था, जिसे लेकर विपक्ष ने पोचिंग (विधायकों की खरीद-फरोख्त) की कोशिशों के आरोप भी लगाए थे। हालांकि, बीजेपी और NDA के नेता मतदान के दिन सुबह ही एक साथ बस से विधानसभा पहुंचे और सभी 24 विधायकों ने एकजुट होकर वोट डाला। बीजेपी नेता नतीजों के ऐलान से बहुत पहले से ही परिमल नाथवानी की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त दिख रहे थे।

क्यों खाली हुई थीं ये दो सीटें?

बता दें कि झारखंड की ये दोनों राज्यसभा सीटें बेहद महत्वपूर्ण थीं। इनमें से एक सीट झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई थी। वहीं दूसरी सीट बीजेपी सदस्य दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को समाप्त होने के कारण खाली हुई थी। इन सीटों पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान हुआ था, जिसके बाद देर शाम नतीजे घोषित किए गए।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!