Jharkhand News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को धन शोधन मामले में जांच में शामिल होने के लिए नया समन जारी करने के बीच वह शनिवार को अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनकी अचानक यात्रा को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। उनकी दिल्ली यात्रा उस पृष्ठभूमि में हुई जब ईडी ने उनसे पूछा था कि क्या वह 29 जनवरी या 31 जनवरी को पूछताछ के लिए उपलब्ध होंगे।
अचानक क्यों दिल्ली रवाना हुए सीएम सोरेन?
एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, 'यात्रा की कोई योजना नहीं थी। ईडी द्वारा नया समन जारी होने के बाद अचानक यह योजना बनाई गई। उनको 29 जनवरी को चाईबासा, 30 जनवरी को पलामू और 31 जनवरी को गिरिडीह में एक कार्यक्रम शामिल होना है।'
एक सूत्र ने कहा कि वह कानूनी परामर्श के लिए दिल्ली गए हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय से इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी। अधिकारियों ने बताया है कि वह वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। सूत्र ने कहा कि जहां तक जानकारी है मुख्यमंत्री रविवार को लौटने वाले हैं।
ED ने सोरेन से पूछा था, किस दिन आएंगे
प्रवर्तन निदेशालय ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक नया समन जारी कर उन्हें अगले सप्ताह धन शोधन मामले कि जांच में फिर से शामिल होने के लिए कहा है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोरेन को यह बताने के लिए कहा गया है कि वह पूछताछ के लिए 29 जनवरी या 31 जनवरी में से किस दिन आएंगे।
27 से 31 जनवरी के बीच जांच में होना है शामिल
केंद्रीय एजेंसी ने इससे पहले झारखंड के मुख्यमंत्री को 27 से 31 जनवरी के बीच किसी भी तारीख पर जांच में शामिल होने के लिए कहा था लेकिन कोई आधिकारिक जवाब नहीं मिलने पर प्रवर्तन निदेशालय ने 48 वर्षीय नेता को एक नया समन जारी किया है। प्रवर्तन निदेशालय ने मामले में पहली बार 20 जनवरी को सोरेन का बयान दर्ज किया था। प्रवर्तन निदेशालय के जांचकर्ता रांची में उनके आधिकारिक आवास पर गए थे और धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत बयान दर्ज किए थे।
पता चला है कि ताजा समन इसलिए जारी किया गया है क्योंकि उस दिन पूछताछ पूरी नहीं हुई थी। ईडी के अनुसार जांच, झारखंड में माफिया द्वारा भूमि के स्वामित्व में अवैध तरीके से परिवर्तन के एक बड़े रैकेट से संबंधित है। ईडी ने इस मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 2011-बैच के आईएएस अधिकारी छवि रंजन भी शामिल हैं, जो राज्य के समाज कल्याण विभाग में निदेशक थे।
(भाषा)
