MP Prajwal Revanna suspended: सेक्स स्कैंडल मामले में जेडी-एस ने हासन से अपने सांसद प्रज्वल रेवन्ना को निलंबित कर दिया है। जेडी-एस प्रमुख एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि पार्टी हमेशा महिलाओं के अत्याचार के खिलाफ रही है। कोई भी हो, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सेक्स वीडियो स्कैंडल सामने आने के बाद जेडी-एस पर विपक्ष तीखा हमला कर रहा है। विपक्ष के घेरे जाने के बाद जेडी-एस बैकफुट पर आ गया है।
कारण बताओ नोटिस भी जारी
जेडी-एस ने रेवन्ना को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। हासन में मतदान के एक दिन बाद सोशल मीडिया में कई वीडियो प्रसारित हुए। इन वीडियो में रेवन्ना को कथित रूप से कई महिलाओं के साथ आपत्तिजनक एवं यौन हिंसा करते देखा गया। बताया जा रहा है कि इस तरह के सैकड़ों वीडियो रेवन्ना ने कथित रूप से शूट किए। अब इन वीडियोज को हासन निर्वाचन क्षेत्र में प्रसारित किया जा रहा है। बता दें कि रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के पोते और पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी के भतीजे हैं।
यह भी पढ़ें-पीएम मोदी ने क्यों कहा-हम पीछे से हमला नहीं करते

MP Prajwal Revanna
महिला ने प्रज्वल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
वीडियोज सामने आने के बाद एक महिला ने रेवन्ना के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। महिला ने सांसद पर यौन हिंसा करने का आरोप लगाया। महिला का आरोप है कि 2019 से लेकर 2022 तक कई बार उसके साथ यौन हिंसा की गई। सेक्स स्कैंडल सामने आने के बाद कर्नाटक की राजनीति में तूफान खड़ा हो गया है। पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि प्रज्वल ने वीडियो कॉल पर उसकी बेटी के साथ भी बदसलूकी की और उसके साथ 'गंदे तरीके से' बात की।
यह भी पढ़ें- फेक वीडियो, मुस्लिम आरक्षण पर अमित शाह के बेबाक बोल
प्रज्वल के पिता पर भी यौन उत्पीड़न का आरोप
यही नहीं महिला का आरोप है कि प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना की पत्नी जब घर पर नहीं थीं तो उन्होंने भी उसका यौन उत्पीड़न किया। वहीं, प्रज्वल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। हासन के सांसद का दावा है कि वीडियो फर्जी है। गौरतलब है कि वीडियोज जैसे ही सामने आए 33 साल के रेवन्ना शनिवार सुबह जर्मनी रवाना हो गए। प्रज्वल के पिता एचडी रेवन्ना विधायक हैं। इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मंगलवार को बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
