देश

कर्नाटक में 'रिसॉर्ट पॉलिटिक्स', JD-S को भी सता रहा क्रॉस वोटिंग का डर, बेंगलुरु के बाहर विधायकों को पहुंचाया

कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद जेडी-एस ने अपने विधायकों को रिसॉर्ट में ले जाने का फैसला किया। विधायकों को मतदान तक वहीं रखा जाएगा और फिर सीधे विधानसभा ले जाया जाएगा, जहां वे अपने वोट डालेंगे। विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान विधान सौधा में होगा।

Image

विधान परिषद चुनाव के लिए कर्नाटक में 18 जून को वोटिंग।

Karnataka MLC Polls: कर्नाटक में एक बार फिर 'रिसॉर्ट पॉलिटिक्स' देखने को मिल रही है। कांग्रेस के साथ-साथ जनता दल (सेक्युलर) भी अपने विधायकों को लेकर डरा हुआ है। जेडी-एस को विधान परिषद चुनाव में अपने विधायकों द्वारा क्रास वोटिंग का डर है। कर्नाटक में गुरुवार को विधान परिषद का चुनाव है। रिपोर्टों में जेडी-एस सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि क्रॉस वोटिंग की आशंका को देखते हुए पार्टी ने अपने विधायकों को बेंगलुरु के बाहरी इलाके में स्थित एक रिसॉर्ट में ठहराने का फैसला किया है।

रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि विधायकों को देवनाहल्ली के समीप प्रेस्टिज गोल्फ ग्लब रिसॉर्ट में ले जाकर रखा जाएगा। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता विधायकों की राजनीतिक समझ का विस्तार करेंगे। कांग्रेस भी अपने विधायकों को रिसॉर्ट में लेकर गई है जबकि मंगलवार को कांग्रेस ने अपने विधायकों को मैसुरु रोड स्थित टेरिया रिसॉर्ट में ठहराया।

रिसॉर्ट से सीधे विधानसभा आएंगे विधायक

कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद जेडी-एस ने अपने विधायकों को रिसॉर्ट में ले जाने का फैसला किया। विधायकों को मतदान तक वहीं रखा जाएगा और फिर सीधे विधानसभा ले जाया जाएगा, जहां वे अपने वोट डालेंगे। विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान विधान सौधा में होगा। सात सीटों के लिए कुल आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस की नजर सात में से पांच सीटें जीतने पर है।

प्रत्येक उम्मीदवार को कम से कम 28 वोट चाहिए

अधिकारियों के अनुसार, जीत के लिए प्रत्येक उम्मीदवार को कम से कम 28 वोटों की आवश्यकता होगी। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर कांग्रेस के चार और भाजपा के दो उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि, सातवीं सीट के लिए मुकाबला रोचक होने की संभावना है, क्योंकि कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) दोनों ने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उनके पास अपने दम पर सीट जीतने के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं है।

ये हैं उम्मीदवार

चुनाव मैदान में कांग्रेस के थिप्पन्नप्पा कमकनूर, शिवन्ना बीएस, विनय कार्तिक प्रकाश, पीवी मोहन और केपीसीसी अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद, भाजपा के लिंगराज पाटिल और रघु आर, तथा जेडी(एस) के गोविंदराजू उम्मीदवार हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article