देश

हिरासत में लिया गया हुमायूं कबीर का बेटा, इस वजह से पुलिस ने लिया एक्शन; टीएमसी बोली- हमारा कोई वास्ता नहीं

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में नवगठित जनता उन्नयन पार्टी (जेयूपी) के अध्यक्ष और भरतपुर से विधायक हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद उर्फ सोहेल को एक पुलिसकर्मी से कथित मारपीट के मामले में रविवार को हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है।

Image

हुमायूं कबीर। तस्वीर-Facebook

पश्चिम बंगाल की राजनीति में छाए हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन पर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले स्थित आवास पर तैनात एक पुलिसकर्मी पर कथित तौर पर हमला करने का आरोप है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोहेल के खिलाफ यह कार्रवाई कांस्टेबल जुम्मा खान की शिकायत पर की गई है। वहीं, राज्य में सत्तारूढ़ टीएमसी ने इस मामले को लेकर साफ किया है कि उसका इससे कोई लेना-देना नहीं है। हुमायूं कबीर के बेटे मे संज्ञेय अपराध किया था, जिसके आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भरतपुर से विधायक कबीर के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) के रूप में तैनात जुम्मा खान ने रविवार सुबह छुट्टी के लिए आवेदन किया था। इस पर भरतपुर से विधायक के बेटे गुलाम नबी आजाद उर्फ सोहेल ने उनपर हमला कर दिया और मारपीट की। इसी मामले में जुम्मा खान ने शिकायत की थी, जिसके आधार पर सोहेल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह राजनीतिक उत्पीड़न-हुमायूं कबीर

वहीं, विधायक हुमायूं कबीर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे ने केवल घर में पुलिसकर्मी के प्रवेश पर आपत्ति जताई थी, जिसे गलत तरीके से मारपीट का रूप दे दिया गया। कबीर ने पुलिस पर तृणमूल कांग्रेस के इशारे पर कार्रवाई करने का आरोप लगाया। कबीर ने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधि के आवास की कमजोर बहानों पर घेराबंदी नहीं की जा सकती। उन्होंने इस कार्रवाई को राजनीतिक उत्पीड़न बताते हुए एक जनवरी को मुर्शिदाबाद में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के घेराव का ऐलान किया और अपने बेटे की तत्काल रिहाई की मांग की।

टीएमसी बोली-हमारा कोई लेना-देना नहीं

इस बीच, तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर हाथ उठाकर संज्ञेय अपराध किया, इसलिए पुलिस ने कानून के मुताबिक कदम उठाया है। पार्टी प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने स्पष्ट किया कि इस पूरे घटनाक्रम से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है।

गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस से निलंबन के बाद हुमायूं कबीर ने हाल ही में जनता उन्नयन पार्टी का गठन किया है। वह इससे पहले मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक मस्जिद की आधारशिला रखने को लेकर भी चर्चा में रहे थे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article