Jamui Girl Viral Video: बिहार के जमुई ज़िले से एक नाबालिग़ छात्रा के यौन उत्पीड़न मामले को लेकर सियासी प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही है। युवती से कथित छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने के बाद बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को लेकर जिला प्रशासन तत्काल कार्रवाई करता है और दोषियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि घटना के संबंध में तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। प्रशासन का प्रयास है कि मामले में शामिल सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि शुरुआती स्तर पर संचार में कुछ कमी रही, क्योंकि परिवार या समुदाय के किसी सदस्य की ओर से प्रारंभिक एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई थी। हालांकि, प्रशासन अब मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई कर रहा है।
'ऐसे मामलों का राजनीतिकरण करना उचित नहीं'
विपक्ष की ओर से घटना को लेकर उठाए गए सवालों पर मंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों का राजनीतिकरण करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता दोषियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाना है।
मंत्री के मुताबिक, प्रशासन अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
क्या है मामला?
बदसलूकी का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें देखा जा सकता है कि कुछ युवक जबरन लड़की को पकड़ रहे हैं। इस दौरान मुंह ढका एक युवक लड़की को गलत तरीके से उठा लेता है और उसके साथ छेड़छाड़ करता है। वीडियो में गाली-गलौज के साथ ही जिस तरह की का दुर्व्यवहार युवती के साथ किया जा रहा है वह बहुत ही अभद्र, घटिया और आपत्तिजनक है। इस अभद्र व्यवहार का वीडियो दिखाना तो दूर उसके बारे में बयां भी नहीं किया जा सकता। जमुई के पुलिस कप्तान ने इस घटना की पुष्टि कर दी है।
वायरल वीडियो में कुछ लोगों ने बाइक पर जा रहे लड़के और लड़की को रोका और उनके साथ बहुत ही घटिया हरकतें करने लगे। लड़की के साथ बेशर्मी से छेड़छाड़ की गई, जबकि इस दौरान लड़की बार-बार उन्हें जाने देने की गुहार लगाती दिख रही है। इसी दौरान जब पूछा गया कि वे कहां से हैं, तो लड़के ने जमुई बताया।
