Jharkhand News: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने झारखंड के जामताड़ा में हुए रेल हादसे में कुछ लोगों की मौत होने पर बुधवार को दुख जताया और कहा कि रेल मंत्रालय को इस घटना की जिम्मेदारी लेते हुए निष्पक्ष जांच करानी चाहिए ताकि जवाबदेही तय हो सके। खड़गे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'झारखंड के जामताड़ा में हुई रेल दुर्घटना बेहद हृदयविदारक है। कई लोगों की जान जाने का समाचार अत्यंत दुःखद है। मृतकों के परिवारजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं और हम घायलों के अति-शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हैं।'
मल्लिकार्जुन खड़गे ने की निष्पक्ष जांच की मांग
उन्होंने कहा कि रेलवे व शासन-प्रशासन को त्वरित राहत-बचाव का काम करना चाहिए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हर संभव मदद करनी चाहिए। खड़गे ने कहा, 'रेल मंत्रालय को इस दर्दनाक हादसे की ज़िम्मेदारी लेते हुए, इसकी निष्पक्ष जांच करानी चाहिए, ताकि जिससे सुरक्षा में चूक हुई है, उसकी जवाबदेही तय हो।'
जामताड़ा जिले के कलझरिया इलाके के पास दुर्घटना
झारखंड के जामताड़ा जिले में बुधवार रात एक ट्रेन की चपेट में आकर कम से कम दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। जामताड़ा अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मुजीबुर रहमान ने बताया कि दुर्घटना जामताड़ा जिले के कलझरिया इलाके के पास हुई। रहमान ने कहा, 'अब तक दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं। तलाशी अभियान जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।' रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, घटना रात करीब सात बजे हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई।
जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई
पूर्वी रेलवे ने एक बयान में कहा, 'ईआर (पूर्वी रेलवे) के आसनसोल डिवीजन में रात सात बजे विद्यासागर-कासितार के बीच गुजरने वाली ट्रेन संख्या 12254 (अंग एक्सप्रेस) ‘चेन खींचने’ के कारण रुक गई। इसके बाद, रात सात बजकर सात मिनट पर पटरी पर चल रहे दो लोग मेमू ट्रेन की चपेट में आए गए। दुर्घटनास्थल जहां ट्रेन रुकी थी, उससे कम से कम दो किलोमीटर दूर है।' इसने कहा कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।
पटरी पर चल रहे दो लोग ट्रेन की चपेट में आने से मौत
आसनसोल के मंडल रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) चेतना नंद सिंह ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्ति अंग एक्सप्रेस के यात्री नहीं थे। डीआरएम ने कहा कि यह हादसा अंग एक्सप्रेस के रुकने के स्थान से करीब एक किलोमीटर दूर हुआ है। सिंह ने कहा, 'अंग एक्सप्रेस 'चेन खींचने' के कारण विद्यासागर-कासितार के बीच रुक गई। जब ट्रेन खड़ी हुई थी तभी दूसरी ओर से एक ट्रेन आ रही थी। इस दौरान पटरी पर चल रहे दो लोग ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।'
