देश

पंजाब पुलिस के हत्थे चढ़ा FBI का मोस्ट वांटेड ठग मनजीत सिंह बेदी, SNAP फ्रॉड में 6 लाख डॉलर से ज्यादा की ठगी का आरोप

जालंधर में पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो की मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स सूची में शामिल मनजीत सिंह बेदी को जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बेदी पर अमेरिका की सरकारी Supplemental Nutrition Assistance Program (SNAP) योजना से कम से कम 6 लाख डॉलर यानी करीब 5.3 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी करने का आरोप है।

Image

FBI का मोस्ट वांटेड ठग मनजीत सिंह बेदी गिरफ्तार

जालंधर में पंजाब पुलिस ने अमेरिका के FBI की मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स लिस्ट में शामिल मनजीत सिंह बेदी को गिरफ्तार किया है। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि मनजीत बेदी पर सरकारी SNAP योजना में कम से कम 6 लाख डॉलर की धोखाधड़ी करने का आरोप है। एफबीआई के मुताबिक, वह अमेरिका से कनाडा के रास्ते भारत भाग आया था।

पंजाब पुलिस के डीजीपी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बेदी की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि पंजाब पुलिस सीमा पार अपराध नेटवर्क और विदेशों में वांछित अपराधियों पर लगातार कार्रवाई कर रही है।

FBI की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था बेदी

FBI निदेशक काश पटेल ने 3 सितंबर को मनजीत सिंह बेदी को अपनी Most Wanted Fraudsters लिस्ट में शामिल किया था। अमेरिकी एजेंसी के मुताबिक बेदी पर 2024 से 2025 के बीच SNAP फंड में कम से कम 6 लाख डॉलर की धोखाधड़ी करने का आरोप है। एफबीआई के अनुसार बेदी अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य के टैकोमा में एशियन ग्रॉसरी स्टोर नाम से किराना स्टोर चलाता था। आरोप है कि उसने SNAP लाभार्थियों के ईबीटी कार्ड स्वाइप कर उनके खाते से मिलने वाली खाद्य सहायता को नकदी में ट्रांसफर कर दिया था।

अमेरिकी जांच एजेंसी का आरोप है कि मनजीत बेदी ग्राहकों को खाद्य सामग्री देने के बजाय उनके EBT कार्ड से रकम काट कर उन्हें नकदी दे देता था। कथित तौर पर बेदी इस रकम का एक हिस्सा खुद रख लेता था। यह कथित धोखाधड़ी मार्च 2024 से जून 2025 के बीच हुई।

कोर्ट की शर्तें तोड़कर अमेरिका से भागा

काश पटेल ने बताया कि इस मामले में मनजीत बेदी के खिलाफ वायर फ्रॉड और SNAP लाभ में धोखाधड़ी समेत कई अन्य आरोप लगाए गए थे। हालांकि उसे अदालत में पेश होने के लिए हिरासत में नहीं लिया गया था। और उसे अपना पासपोर्ट जमा करने और वॉशिंगटन राज्य में रहने का आदेश दिया गया था।

अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि मनजीत बेदी ने इन शर्तों का उल्लंघन किया और देश छोड़ने का प्लान बनाया। इसके लिए वह पहले अमेरिका-कनाडा सीमा पार कर कनाडा पहुंचा और इसके बाद भारत भाग आया। उसके खिलाफ मई 2026 में संघीय गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था।

FBI ने रखा था 1.3 करोड़ रुपये का इनाम

बता दें कि एफबीआई ने मनजीत बेदी की गिरफ्तारी और जानकारी देने के लिए 1.5 लाख डॉलर तक के इनाम की घोषणा की थी। भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 1.3 करोड़ रुपये बैठती है।

बता दें कि जालंधर पुलिस ने ये गिरफ्तारी FBI की कार्रवाई के कुछ ही घंटे बाद की है। इससे भारत में छिपे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वांछित आरोपियों के खिलाफ पंजाब पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन

पंजाब पुलिस के डीजीपी ने कहा कि जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने अमेरिकी लाभ योजना से जुड़े मामले में वांछित भगोड़े को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय अपराध नेटवर्क और विदेशों में वांछित आरोपियों पर नजर रखने की रणनीति का हिस्सा है। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस का मकसद ऐसे अपराधियों को यह संदेश देना है कि सीमा पार कर कानून से बचना संभव नहीं है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article