Opposition India Name : बेंगलुरु में मंगलवार को विपक्षी एकता को नया नाम 'INDIA' तो मिल गया लेकिन इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने ट्विटर बायो से 'इंडिया' हटाकर उसकी जगह भारत लिखा। इसके साथ ही सरमा ने कहा कि 'अंग्रेजों ने हमारे देश का नाम इंडिया रखा। हमें खुद को औपनिवेशिक विरासतों से मुक्त करने की कोशिश करनी चाहिए। हमारे पूर्वज भारत के लिए लड़े और हम भारत के लिए काम करते रहेंगे।'
'अंगूर खट्टे हैं जैसी बात हो गई'
सरमा की इस दलील पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि 'खुद मौका न मिलने की वजह से यह अंगूर खट्टे हैं जैसी बात हो गई।' कांग्रेस नेता ने सरमा को याद दिलाया कि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'India' नाम से अपनी कई महात्वाकांक्षी योजनाओं की शुरुआत कर चुके हैं। इनमें 'डिजिटल इंडिया' मिशन भी शामिल है।
UPA नहीं अब 'INDIA' नाम से जाना जाएगा विपक्ष
बता दें कि बेंगलुरु में दो दिनों की बैठक के बाद विपक्षी पार्टियां अपने लिए नाम नाम 'INDIA' लेकर आईं। इसका मतलब I से इंडियन, N से नेशनल, D से डेवलपमेंटल, I से इन्क्लुसिव और A से अलायंस बताया गया। विपक्ष की इस बैठक में 26 दल शामिल हुए। विपक्ष का यह गठबंधन अब यूपीए नाम से नहीं बल्कि 'INDIA' नाम से जाना जाएगा।
सरकार के कई कार्यक्रम 'इंडिया' नाम से
कांग्रेस महासचिव ने सरमा को निशाने पर लेते हुए पूछा, 'उनके नए मेंटोर मिस्टर मोदी ने जारी सरकारी कार्यक्रमों के लिए हमें स्किल इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया और डिजिटल इंडिया नाम दिए। यही नहीं मोदी ने अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों को 'टीम इंडिया' के रूप में काम करने के लिए कहा। यहां तक कि वह इंडिया के लिए वोट करने की बात भी कह चुके हैं।'
अपने बॉस को जाकर बताएं-रमेश
रमेश ने आगे कहा कि 'जब विपक्ष के 26 राजनीतिक दल अपने गठबंधन के लिए INDIA नाम चुनते हैं तो सरमा को इससे परेशानी होने लगती है। उन्हें यह नाम औपनिवेशिक मानसिकता वाला लगता है। यह बात जाकर उन्हें अपने बॉस से बतानी चाहिए।'
