देश

क्या वीके पांडियन के कंट्रोल में है BJD, कौन होगा उत्तराधिकारी? नवीन पटनायक ने दिया जवाब

बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं के दावों को खारिज कर दिया कि पांडियन राज्य को नियंत्रित कर रहे हैं।

Image

नवीन पटनायक

Naveen Patnaik on VK Pandian: ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (BJD) सुप्रीमो नवीन पटनायक ने गुरुवार को उन अटकलों का खंडन किया कि पूर्व नौकरशाह वीके पांडियन उनके उत्तराधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि उनका उत्तराधिकारी ओडिशा की जनता चुनेगी। समाचार एजेंसी एएनआई को दिए एक साक्षात्कार में पटनायक ने कहा, मैंने बार-बार कहा है कि उत्तराधिकारी का फैसला राज्य के लोगों द्वारा किया जाएगा। यह स्वभाविक तरीके से होगा।

बीजेपी के आरोपों को किया खारिज

बीजेडी प्रमुख नवीन पटनायक ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं के दावों को खारिज कर दिया कि पांडियन राज्य को नियंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने इन आरोपों को हास्यास्पद और महत्वहीन बताया। यह पूछे जाने पर कि क्या उनके करीबी सहयोगी द्वारपाल के रूप में काम करते हैं और क्या वह अपनी ओर से सभी निर्णय लेते हैं, पटनायक ने कहा, यह हास्यास्पद है और मैंने इसे पहले भी कई बार कहा है। यह एक पुराना आरोप है और इसमें कोई दम नहीं है।

पिछले साल बीजेडी में शामिल हुए वीके पांडियन

तमिलनाडु के पूर्व नौकरशाह वीके पांडियन ने पिछले साल भारतीय सिविल सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली और बीजेडी में शामिल हो गए थे। पटनायक ने आगे दावा किया कि इस तरह के आरोप ओडिशा में अपनी गिरती लोकप्रियता पर बीजेपी की बढ़ती हताशा के कारण आए हैं। पटनायक ने कहा, मैं देख रहा हूं कि वे और अधिक हताश हो रहे हैं, खासकर जब देश में उनकी लोकप्रियता कम हो रही है।

सेहत के बारे में अटकलों को किया खारिज

मुख्यमंत्री ने अपने स्वास्थ्य के बारे में अटकलों को भी खारिज कर दिया और कहा कि वह बिल्कुल ठीक हैं और लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी रिकॉर्ड छठी बार सत्ता में लौटेगी और बीजेडी राज्य से लोकसभा की 21 सीटों में से एक बड़ा हिस्सा जीतेगी। पटनायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता लोगों का कल्याण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हम कई क्षेत्रों में प्रगति कर रहे हैं, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, राष्ट्रीय आपदा नियंत्रण कार्यक्रम, महिलाओं के लिए हमने बहुत कुछ किया है और हम बहुत कुछ करने का इरादा रखते हैं।

हिमंत सरमा ने उठाए सवाल

वहीं, पहले कई मौकों पर यह दावा करने वाले कि पांडियन का राज्य सरकार पर पूरा नियंत्रण है, असम के सीएम हिमंत सरमा ने गुरुवार को कहा कि पांडियन ने ओडिशा को कंट्रोल करने के लिए एक मजबूत पिछले दरवाजे से प्रवेश किया है। भाजपा नेता ने यह भी सवाल उठाया कि क्या पटनायक किसी फाइल पर शारीरिक रूप से हस्ताक्षर करते हैं या पांडियन सीएम के डिजिटल हस्ताक्षर का उपयोग करते हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article