देश

IRCTC भ्रष्टाचार केस में आज लालू, राबड़ी, तेजस्वी की पेशी, आरोप तय करने पर फैसला सुनाएगा कोर्ट

विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने 24 सितंबर को पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनके बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और अन्य आरोपियों को उक्त तिथि पर अदालत में पेश होने का निर्देश दिया था।

Image

आईआरसीटीसी भ्रष्टाचार केस में पेशी। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Tejashwi Yadav : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं लाल प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के लिए सोमवार का दिन काफी अहम रहने वाला है। आईआरसीटीसी भ्रष्टाचार केस में आरोप तय करने पर दिल्ली स्थित राउज एवेन्यू कोर्ट अपना फैसला सुनाएगा। इस मामले में सभी आरोपी कोर्ट में पेश होंगे। कोर्ट में पेश होने के लिए तेजस्वी यादव पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने 24 सितंबर को पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनके बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और अन्य आरोपियों को उक्त तिथि पर अदालत में पेश होने का निर्देश दिया था।

दिल्ली में हैं लालू, तेजस्वी, राबड़ी

कोर्ट में पेश होने के लिए रविवार सुबह जब पिता-पुत्र और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपने आवास से रवाना हुए तो वहां मौजूद पार्टी के टिकट दावेदारों में निराशा फैल गई जिन्हें उम्मीद थी कि नेता उनकी बात सुनेंगे। सुरक्षाकर्मियों को 10, सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी देवी के आवास से उन्हें हटाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। यह आवास मुख्यमंत्री निवास के ठीक सामने स्थित है। हवाई अड्डे पर लालू प्रसाद और राबड़ी देवी ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया, जबकि तेजस्वी यादव ने बस इतना कहा कि "सब ठीक है"।

दिल्ली में राहुल गांधी से तेजस्वी की होगी मुलाकात

राजद प्रमुख के एक करीबी सहयोगी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, 'लालू जी और तेजस्वी जी दिल्ली इसलिए गए हैं क्योंकि कल ‘नौकरी के बदले जमीन’ मामले में सुनवाई की तारीख है। हालांकि वहां वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।' यह मामला उस कथित घोटाले से जुड़ा है जो लालू प्रसाद के रेल मंत्री रहने के दौरान कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के समय का है।

कांग्रेस ज्यादा सीटों पर लड़ना चाहती है चुनाव

अटकलें लगाई जा रही हैं कि राजद नेता दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों के अनुसार, कांग्रेस का मानना है कि वह ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की सफलता के बाद राज्य में कमजोर नहीं रह गई है और वह लगभग उतनी ही सीट पर चुनाव लड़ना चाहती है, जितनी उसने पांच साल पहले लड़ी थी। उस समय उसने 70 उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से केवल 19 ही जीत पाए थे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!