देश

दिपके की बढ़ीं मुश्किलें, CJP चीफ के खिलाफ इन्फ्लुएंसर ने दर्ज कराई शिकायत, तुरंत गिरफ्तार करने की मांग

फैजान अंसारी ने दिपके पर अपने ऊपर हमला करने का आरोप लगाया है और CJP प्रमुख को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। इन्फ्लुएंसर का आरोप है कि दिपके के लोगों ने पुणे और औरंगाबाद में उन पर हमला किया और हमले का सबूत उनके पास है।

Image

दिपके के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज।

Faizan Ansari : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके मुश्किल में घिरते नजर आ रहे हैं। अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी ने उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अंसारी ने कहा कि 'मैंने आज दिपके के खिलाफ दिल्ली पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।' अंसारी ने दिपके पर अपने ऊपर हमला करने का आरोप लगाया है और CJP प्रमुख को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। इन्फ्लुएंसर का आरोप है कि दिपके के लोगों ने पुणे और औरंगाबाद में उन पर हमला किया और हमले का सबूत उनके पास है।

'मुझ पर पुणे और औरंगाबाद में हमला हुआ'

फैजान ने कहा, 'आज मैंने CJP पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के खिलाफ दिल्ली के डीसीपी को एक लिखित शिकायत दी है, क्योंकि मेरे पास इस बात के सबूत हैं कि उनके लोगों ने मुझ पर हमला किया। मुझ पर पुणे और औरंगाबाद में हमला हुआ था। इन मामलों में पहले से ही दो केस दर्ज हैं। मेरी मांग है कि दिल्ली पुलिस अभिजीत दिपके को तुरंत गिरफ्तार करे। साथ ही, मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री और दिल्ली पुलिस को सलाम करता हूं कि उन्होंने सही समय पर सोनम वांगचुक को हिरासत में लिया, जिससे दिल्ली का माहौल बिगड़ने से बच गया। दिपके अपने निजी फायदे के लिए यह सब कर रहे हैं।'

अपनी पढ़ाई को लेकर भी सवालों के घेरे में दिपके

सीजेपी संस्थापक यूएस में अपनी पढ़ाई को लेकर भी सवालों के घेरे में है। सूरत के एक आरटीआई कार्यकर्ता ने उनके पिता, जो एक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हैं, द्वारा बेटे को अमेरिका पढ़ने भेजने के लिए धन की व्यवस्था की जांच की मांग की है। इस पर दिपके ने सोमवार को कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी डिग्री सार्वजनिक करते हैं तो वह भी अमेरिका में अपनी पढ़ाई से जुड़े छात्रवृत्ति और शिक्षा ऋण के दस्तावेज सार्वजनिक करने को तैयार हैं।

दिपके ने पूछा-क्या PM मोदी अपनी डिग्री दिखाएंगे?

दिपके ने संवाददाताओं से कहा, 'मैं अपनी छात्रवृत्ति और शिक्षा ऋण से जुड़े दस्तावेज दिखाने के लिए तैयार हूं। क्या प्रधानमंत्री मोदी अपनी डिग्री दिखाएंगे?’उन्होंने कहा कि उन्होंने बोस्टन विश्वविद्यालय से मिली छात्रवृत्ति और शिक्षा ऋण की मदद से अमेरिका में पढ़ाई की। वह बोस्टन विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ कम्युनिकेशन से जनसंपर्क (पब्लिक रिलेशंस) में स्नातकोत्तर हैं और जून में भारत लौटे हैं। दिपके ने कहा, 'मुझे अपनी पढ़ाई के लिए बोस्टन विश्वविद्यालय से छात्रवृत्ति मिली है। मैंने वहां अपनी पढ़ाई के लिए शिक्षा ऋण भी लिया था। इसे चुकाना है। कोई भी इसकी जांच कर सकता है।'

'आवाज उठाने पर सरकार पीछे लगा देती है अपनी एजेंसियां'

दिपके ने कहा, 'मैं अपनी छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण के दस्तावेज और डिग्री दिखाने को तैयार हूं। प्रधानमंत्री मोदी भी अपनी डिग्री सार्वजनिक करें। यदि वह ऐसा करते हैं तो मैं भी अपने सभी दस्तावेज सार्वजनिक कर दूंगा।’उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी कोई इस सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है तो उसके पीछे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को लगा दिया जाता है। दिपके ने कहा, 'वे मेरे घर जांच के लिए आएं, मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं अपने दस्तावेज दिखाने को तैयार हूं, लेकिन यदि प्रधानमंत्री ईडी भेज रहे हैं तो उन्हें अपनी डिग्री भी सार्वजनिक करनी चाहिए। मेरी डिग्री असली है और मुझे उम्मीद है कि उनकी डिग्री भी असली होगी।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!