मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच भारतीय एयरलाइन IndiGo ने अपने उड़ान नेटवर्क को धीरे-धीरे फिर से बहाल करना शुरू कर दिया है। एयरलाइन ने बताया कि 3 मार्च 2026 से मिडिल ईस्ट के कुछ चुनिंदा शहरों के लिए चरणबद्ध तरीके से उड़ानें फिर शुरू की गई हैं और अब तक 165 से अधिक उड़ानें संचालित की जा चुकी हैं, जिनसे 22,000 से ज्यादा यात्रियों ने यात्रा की है।
एयरलाइन के अनुसार 8 मार्च 2026 से यूरोप के लिए लंबी दूरी की उड़ानें भी दोबारा शुरू कर दी गई हैं। इसके तहत Boeing B787-9 Dreamliner विमान के जरिए भारत से मैनचेस्टर, एम्स्टर्डम और लंदन के लिए उड़ानें संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा IndiGo पहले से एथेंस से दिल्ली और मुंबई के लिए A321XLR विमान से सेवा दे रही है।
कंपनी ने बताया कि 9 मार्च 2026 को भारत और मिडिल ईस्ट-यूरोप के 12 शहरों के बीच कुल 38 उड़ानें संचालित की जाएंगी। इनमें मुंबई-जेद्दा, दिल्ली-दुबई, मुंबई-अबू धाबी, हैदराबाद-मस्कट, बेंगलुरु-जेद्दा और कोझिकोड-जेद्दा जैसी कई महत्वपूर्ण रूट शामिल हैं।
IndiGo की हालात पर नजर
IndiGo का कहना है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संबंधित देशों के अधिकारियों के साथ मिलकर यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सेवाओं को सामान्य करने की कोशिश कर रही है। एयरलाइन ने यह भी कहा कि हालात के अनुसार उड़ानों में बदलाव संभव है और यात्रियों को वेबसाइट व सोशल मीडिया के जरिए अपडेट दिया जाता रहेगा।
एयर इंडिया ने लिया था ये फैसला
इससे पहले बीते दिन एयर इंडिया एयरलाइन (Air India) ने घोषणा की थी कि 10 मार्च से 18 मार्च के बीच यूरोप और अमेरिका के लिए 78 अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित की जाएंगी। एयर इंडिया के मुताबिक, मौजूदा हालात में कई रूट्स पर उड़ानों की उपलब्धता कम हो गई है। ऐसे में अतिरिक्त उड़ानों के जरिए यात्रियों को ज्यादा विकल्प और सीटें उपलब्ध कराई जाएंगी। यह कदम खासतौर पर उन यात्रियों के लिए राहत भरा होगा जो अमेरिका और यूरोप की यात्रा करना चाहते हैं।
मिडिल ईस्ट के लिए फ्लाइट्स कैसे मैनेज कर रहीं एयरलाइंस?
बता दें कि भारत ने खाड़ी देशों के लिए उड़ानों में सीमित रूप से बदलाव किए हैं। कुछ रूट पर उड़ानें फिर से शुरू की गई हैं, जबकि कुछ अब भी अस्थायी रूप से बंद हैं।
अकासा एयर जेद्दा के लिए सीमित उड़ानें चलाएगी, जबकि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस जेद्दा और मस्कट के लिए अपनी नियमित सेवाएं जारी रखे हुए हैं। सुरक्षा और एयरस्पेस संबंधी प्रतिबंधों के चलते कई मार्गों पर अतिरिक्त यानी नॉन-शेड्यूल उड़ानें भी चलाई जा रही हैं, ताकि फंसे हुए यात्रियों को प्राथमिकता देकर वापस लाया जा सके।
