देश

Indigo का विमान इंदौर में टेक ऑफ से पहले रन-वे से वापस लौटा, 140 यात्री थे सवार

इंदौर में उड़ान भरने से पहले इंडिगो के 140 यात्रियों वाले विमान में तकनीकी खराबी का पता चला जिसकी वजह से वो अपने तय वक्त के मुकाबले करीब एक घंटे की देरी से डेस्टिनेशन के लिए रवाना हुआ।

Image

इंडिगो विमान (फाइल फोटो)

इंडिगो एयरलाइंस की इंदौर-भुवनेश्वर उड़ान सोमवार को तकनीकी खराबी के चलते अपने तय वक्त के मुकाबले करीब एक घंटे की देरी से डेस्टिनेशन के लिए रवाना हो सकी जिसमें 140 यात्री सवार थे। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

हवाई अड्डे के निदेशक विपिनकांत सेठ ने बताया कि इंडिगो की उड़ान संख्या '6ई 6332' में तकनीकी खराबी का अहसास पायलट को तब हुआ, जब यह विमान उड़ान भरने के लिए रन-वे की ओर जा रहा था।

उन्होंने बताया कि हवाई जहाज को वापस 'एप्रन' पर लाया गया और इंजीनियरों द्वारा 'मामूली तकनीकी खराबी' में सुधार किए जाने के बाद विमान को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।'एप्रन', हवाई अड्डे का वह हिस्सा होता है जहां विमानों को खड़ा किया जाता है, यात्रियों को चढ़ाया या उतारा जाता है, ईंधन भरा जाता है और रख-रखाव किया जाता है।

विमान में 140 यात्री सवार थे

सेठ ने तकनीकी खराबी का विशिष्ट ब्योरा दिए बगैर बताया, 'सुधार कार्य के दौरान यात्रियों को विमान से नहीं उतारा गया।' हवाई अड्डे के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि तय कार्यक्रम के मुताबिक इंडिगो की इंदौर-भुवनेश्वर उड़ान को सोमवार सुबह नौ बजे निकलना था, लेकिन तकनीकी मरम्मत के कारण यह सुबह 10:16 बजे गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। अधिकारी ने बताया कि विमान में 140 यात्री सवार थे।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article