चण्डीगढ़

इंडिगो की चंडीगढ़ से लखनऊ की फ्लाइट कैंसिल, टेकऑफ के समय आई तकनीकी खराबी

इंडिगो की चंडीगढ़ से लखनऊ जा रही फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया। फ्लाइट संख्या 6E146 में टेकऑफ के समय तकनीकी खराबी आ गई। जिस कारण इसे टेक ऑफ से रोक दिया गया और रद्द कर दिया गया। इस फ्लाइट में करीब 160 लोग सवार थे। यह फ्लाइट सुबह 8 बजे चंडीगढ़ से लखनऊ के लिए रवाना होनी थी।

Image

(फाइल फोटो)

Chandigarh Lucknow Flight Cancelled: अहमदाबाद विमान हादसे के बाद फ्लाइट्स में तकनीकी समस्या की खबरें लगातार सामने आ रही हैं, जिसके चलते रोजाना कई उड़ानों को रद्द करना पड़ रहा है। ताजा मामला इंडिगो की चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाले हवाई जहाज का है, जिसे टेकऑफ से पहले ही रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 146 को उड़ान भरने से पहले रोक दिया गया। फ्लाइट में लगभग 160 यात्री मौजूद थे। ये फ्लाइट रविवार सुबह 8:30 बजे चंडीगढ़ से लखनऊ के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही इस फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।

चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में पायलट ने उड़ान से पहले जांच के दौरान तकनीकी समस्या का पता लगाया। विमान के टैक्सी करने से पहले ही समस्या का पता चल गया था। जिसके बाद एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार दिया गया। सूत्रों के अनुसार समस्या का पता विमान के उड़ान भरने से पहले ही चल गया था। इस कारण विमान ने उड़ान नहीं भरी। प्रभावित यात्रियों को या तो वैकल्पिक उड़ानों में बिठाया गया या उन्हें पूरा किराया वापस दिया गया

लेह जाने वाली फ्लाइट की हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग

19 जून को दिल्ली से लेह जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6ई 2006 की तकनीकी कारणों से इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट में चालक दल के सदस्यों समेत करीब 180 लोग सवार थे। फ्लाइट ने दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी, लेकिन लेह पहुंचने से कुछ देर पहले तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। विमान लेह पहुंचने के कुछ ही देर बाद वापस लौट आया और सुरक्षित तरीके से दिल्ली में उतारा गया।

बीते बुधवार को भी इंडिगो की एक फ्लाइट को रद्द करना पड़ा था। फ्लाइट 6ई 6101 भुवनेश्वर से कोलकाता के लिए रवाना होनी थी, लेकिन उड़ान से कुछ मिनट पहले फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। इसका कारण भी विमान में तकनीकी खराबी बताया गया। दो जून को रांची में इंडिगो का एक विमान गिद्ध से टकराया था, जिसके कारण आपात लैंडिंग करानी पड़ी। पटना से कोलकाता वाया रांची की फ्लाइट करीब 3-4 हजार फीट की ऊंचाई पर थी। उसी समय एक गिद्ध उससे टकराया। टक्कर के बाद विमान करीब 40 मिनट तक हवा में रहा। इंडिगो की इस फ्लाइट में क्रू मेंबर्स समेत 175 यात्री सवार थे। पक्षी से टक्कर के बाद यात्री दहशत में थे। विमान के क्रू मेंबर ने उन्हें भरोसा दिलाया और पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए प्लेन को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सुरक्षित तरीके से लैंड कराया था।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article