देश

श्रीनगर एयरपोर्ट पर हादसा, पोल से जा टकराया Indigo का प्लेन; जानें अपडेट

Indigo Plane Accident: श्रीनगर एयरपोर्ट पर नवी मुंबई से आ रही इंडिगो प्लेन, लैंडिंग के बाद पोल से टकरा गई। इस घटना में सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।

Image

श्रीनगर एयरपोर्ट पर पोल से टकराया इंडिगो प्लेन

Indigo Plane Accident: जम्मू कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक बड़े हादसे की खबर है। यहां इंडिगो का एक प्लेन लैंडिंग के बाद एक पोल से टकरा गया। हालांकि अच्छी बात रही कि किसी भी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा है। घटना में सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार नवी मुंबई से श्रीनगर आ रही इंडिगो की प्लेन सुबह श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के बाद पार्किंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। विमान का एक हिस्सा पार्किंग बे में लगे विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के खंभे से टकरा गया। इंडिगो की यह फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) नवी मुंबई से उड़ान भरकर सुबह करीब 9:02 बजे श्रीनगर हवाई अड्डे पर पहुंची थी। विमान को जब 'बे नंबर 06' पर पार्क किया जा रहा था, उसी दौरान वह VDGS पोल के संपर्क में आ गया और उससे टकरा गया। घटना के तुरंत बाद मैनुअल सीढ़ियों का इस्तेमाल करके सभी यात्रियों और विमानकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है।

मामले की जांच के आदेश

घटना के बाद नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं। उपयुक्त प्राधिकारी निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार इस घटना के कारणों की जांच करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ही हादसे की असली वजह का पता चल सकेगा, इसलिए अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

अन्य उड़ानों पर असर नहीं

श्रीनगर एयरपोर्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना से हवाई अड्डे के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। सभी उड़ानों का आवागमन और प्रस्थान अपने तय समय सारणी के अनुसार सामान्य रूप से जारी है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने दोहराया कि वे सभी यात्रियों और हितधारकों के लिए सुरक्षित और कुशल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article