देश

'शिक्षक-स्नातक MLC चुनावों में गड़बड़ी करना चाहती है BJP...' वीडियो शेयर कर अखिलेश यादव ने लगाया बड़ा आरोप

Akhilesh Yadav: अखिलेश ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बलिया के जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव के बीच गर्मागर्म बहस का एक वीडियो साझा किया था।

Image

अखिलेश यादव (फोटो साभार- @yadavakhilesh)

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनावों में गड़बड़ी कर जीत हासिल करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में संलिप्त अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराकर उन्हें सजा दिलाई जाएगी। अखिलेश ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बलिया के जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव के बीच गर्मागर्म बहस का एक वीडियो साझा किया था। हालांकि, मिश्रा ने सपा प्रमुख के तमाम आरोपों को ‘अनर्गल और बेबुनियाद’ करार दिया है।

भाजपा कर रही आचार संहिता का उल्लंघन

पूर्व मुख्यमंत्री ने एक बयान में आरोप लगाया कि भाजपा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए अधिकारियों तथा स्कूल-कॉलेजों के प्रबंधकों पर दबाव डाल रही है, ताकि गैरकानूनी तरीके से शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनावों में जीत हासिल की जा सके। यादव ने कहा कि इस कथित चुनावी गड़बड़ी में शामिल लोगों के वीडियो बनाए जाएंगे और उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘इस लोकतांत्रिक अपराध में संलिप्त हर किसी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाकर सजा दिलवाई जाएगी।’’

'चुनावी घपला करने वाले अधिकारी जेल में होंगे'

सपा प्रमुख ने यह भी कहा, ‘‘भाजपाई विधान परिषद में होंगे और चुनावी घपला करने वाले अधिकारी जेल में होंगे।’’ उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी किसी की सगी नहीं है और कथित चुनावी अनियमितताओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘न कोई बचेगा, न किसी को छोड़ा जाएगा।’’ अखिलेश यादव द्वारा ‘एक्स’ पर साझा किए गए वीडियो में विधान परिषद सदस्य लाल बिहारी यादव जिला विद्यालय निरीक्षक से पूछते नजर आते हैं कि क्या वह प्रबंधकों को धमका रहे हैं। इस पर मिश्रा जवाब देते हैं कि उन्होंने किसी को नहीं धमकाया है। खासी झड़प दिखाते इस वीडियो में यादव आरोप लगाते हैं कि उनके पास भाजपा के पक्ष में आचार संहिता के दौरान बैठकें किये जाने के प्रमाण हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article