देश

विमानन कंपनियों की खैर नही! इंडिगो संकट के बीच सख्त हुई ये संसदीय समिति; एयरलाइन्स-DGCA के अधिकारियों को कर सकती है तलब

जदयू नेता संजय झा की अध्यक्षता वाली परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने इंडिगो संकट को बेहद गंभीरता से लिया है। संजय झा की अध्यक्षता वाली समिति के एक सदस्य ने बताया कि देश की सभी निजी एयरलाइनों के शीर्ष अधिकारियों और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) तथा नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों से सवाल जवाब करने पर विचार किया जा रहा है।

Image

इंडिगो संकट के बीच संसदीय स,मिति सख्त। फोटो- PTI

Photo : PTI

देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनियों में शुमार इंडिगो की उड़ानों में देरी और उनके रद्द होने का सिलसिला लगातार छठे दिन भी जारी रहा। विमानन कंपनी ने रविवार को भी 650 फ्लाइट्स कैंसिल की हैं। हालांकि इंडिगो ने यह भी उम्मीद जताई है कि 10 दिसंबर तक उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी हो जाएगा। इस बीच, जदयू नेता संजय झा की अध्यक्षता वाली परिवहन, पर्यटन और संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने इस संकट को बेहद गंभीरता से लिया है। संसदीय समिति इस मुद्दे पर निजी एयरलाइंस के शीर्ष अधिकारियों और नागरिक उड्डयन नियामक को तलब कर सकती है।

संजय झा की अध्यक्षता वाली समिति के एक सदस्य ने बताया कि इंडिगो संकट के बीच यात्रियों को हो रही परेशानी, हवाई किराये में अप्रत्याशित बढ़ोतरी, इंडिगो की उड़ानों में देरी और रद्द होने आदि के संदर्भ में देश की सभी निजी एयरलाइनों के शीर्ष अधिकारियों और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) तथा नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों से सवाल जवाब करने पर विचार किया जा रहा है। उनसे हवाई सेवाओं में व्यवधान के कारण और संभावित समाधानों के बारे में स्पष्टीकरण भी मांगा जा सकता है।

संसदीय समिति के सदस्य ने कहा कि पैनल ने हवाई सेवाओं में व्यवधान के कारण हजारों यात्रियों को हो रही कठिनाइयों को गंभीरता से लिया है। यहां तक कि शीतकालीन सत्र के लिए राष्ट्रीय राजधानी में आए सांसदों को भी इंडिगो द्वारा उड़ानें रद्द किए जाने और अन्य एयरलाइनों द्वारा उड़ानों में देरी का खामियाजा भुगतना पड़ा। कई सांसदों को भी लोगों से शिकायतें मिलीं कि इस स्थिति के कारण हवाई किराये में भारी वृद्धि हो गई है।

जॉन ब्रिटास ने की न्यायिक जांच की मांग

इस बीच, सीपीआई (एम) के राज्यसभा सदस्य जॉन ब्रिटास ने उड़ानों में बड़े पैमाने पर हो रहे व्यवधान को लेकर एक संयुक्त संसदीय समिति या न्यायिक जांच की स्थापना की मांग की है।

आज रद्द हुईं 650 फ्लाइट्स

IndiGo के उड़ान संकट का असर रविवार को भी जारी रहा। विमानन कंपनी ने रविवार को भी 650 फ्लाइट्स कैंसिल की हैं। इनमें दिल्ली व मुंबई एयरपोर्ट पर 220 से ज्यादा उड़ानें शामिल हैं। एयरलाइन पिछले छह दिनों से गंभीर अव्यवस्था से जूझ रही है, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं। शुक्रवार को 1,600 उड़ानें रद्द करने के बाद शनिवार को हालात कुछ बेहतर हुए और 1,500 उड़ानें संचालित हुईं।

इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स को कारण बताओ नोटिस

संचालन संकट के बीच शनिवार को डीजीसीए ने इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर एल्बर्स से उड़ानों में लगातार देरी, बड़ी संख्या में कैंसिलेशन और ऑपरेशनल स्तर पर हुई गंभीर चूकों पर नाराजगी जताते हुए जवाब मांगा है। इसके लिए उन्हें 24 घंटे का समय दिया गया है। अन्यथा संबंधित विमानन नियमों तथा नागर विमानन आवश्यकताओं (CAR) के तहत कार्रवाई शुरू करने की चेतावनी दी है।

परिचालन विफलताओं के लिए सीईओ जिम्मेदार

नोटिस में नियामक ने कहा कि बड़े पैमाने पर परिचालन विफलताएं योजना, निरीक्षण और संसाधन प्रबंधन में महत्वपूर्ण खामियों का संकेत देती हैं। नोटिस में पीटर एल्बर्स से कहा गया है कि सीईओ के रूप में आप एयरलाइन के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन आप विश्वसनीय संचालन के लिए समय पर व्यवस्था सुनिश्चित करने और यात्रियों को अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के अपने कर्तव्य में विफल रहे हैं।

ये निर्देश भी दिए

साथ ही नियामक ने हालिया घटनाओं को गंभीर ऑपरेशनल लापरवाही करार देते हुए एयरलाइन को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। DGCA ने कहा कि यात्रियों को हो रही परेशानी, शेड्यूल के बेतरतीब होते जाने और सुरक्षा-संबंधी मानकों पर पड़े असर को देखते हुए, इंडिगो को अपनी व्यवस्था में तेजी से सुधार लाना होगा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!