देश

बढ़ते तनाव के बीच भारत का बड़ा कदम, तेहरान से अधिकांश भारतीय छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया

भारतीय मिशन ने मंगलवार को बताया कि तेहरान में मौजूद अधिकांश भारतीय छात्रों को राजधानी से बाहर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। दूतावास ने उनके लिए परिवहन, भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी की है।

Image

ईरान

पश्चिम एशिया में तेजी से बिगड़ते हालात के बीच भारत ने एहतियाती कदम उठाते हुए तेहरान से अधिकांश भारतीय छात्रों को तेहरान से बाहर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है। ईरान की राजधानी में सुरक्षा जोखिम बढ़ने के मद्देनजर भारतीय दूतावास ने यह निर्णय लिया।

भारतीय मिशन ने मंगलवार को बताया कि तेहरान में मौजूद अधिकांश भारतीय छात्रों को राजधानी से बाहर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। दूतावास ने उनके लिए परिवहन, भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी की है। दूतावास के अनुसार, कुछ ही छात्र ऐसे हैं जिन्होंने दूतावास की पेशकश को स्वीकार नहीं किया और फिलहाल तेहरान में ही रह रहे हैं।

भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी

इसके साथ ही दूतावास ने ईरान में रह रहे अन्य भारतीय छात्रों और नागरिकों को पहले जारी एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है। इसमें कहा गया है कि वे जहां हैं वहीं रहें, अधिक से अधिक घर के अंदर रहें, खिड़कियों से दूर रहें और किसी भी प्रकार के विरोध-प्रदर्शन या भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें। भारतीयों से नियमित रूप से दूतावास के संपर्क में रहने और सतर्कता बरतने की भी अपील की गई है।

लगातार बढ़ता रहा टकराव

अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर ताजा हमलों के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इजरायल के साथ-साथ संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन और सऊदी अरब में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।

सूत्रों के मुताबिक, ईरान में करीब 9,000 भारतीय नागरिक मौजूद हैं,जिनमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हैं। हालांकि, छात्रों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं है।

ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद किए जाने के बाद वैश्विक तेल बाजार में भी उथल-पुथल मची हुई है। मौजूदा हालात को देखते हुए भारत स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे के कदम उठाने की तैयारी में है

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article