Akash Prime Air Defence System: ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय सेना लगातार अपने हथियारों को अपग्रेड कर रहा है। अब भारत ने पाकिस्तान, चीन और तुर्किए जैसे देशों की हेकड़ी निकालने के लिए एक नया एयर डिफेंस सिस्टम तैयार किया है जिसका 15,000 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर सफल परीक्षण किया गया। सेना को मिली इस सफलता के बाद अगर कोई दुश्मन भारत की ओर आंख उठाकर देखने की कोशिश करता है तो उसका विफल होना लगभग तय है, क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर के दरमियां भी आकाश एयर डिफेंस सिस्टम ने अपना जलवा बिखेरा था।
सेना ने DRDO संग किया परीक्षण
समाचार एजेंसी एएनआई ने रक्षा अधिकारी के हवाले से बताया कि भारतीय सेना ने आज लद्दाख सेक्टर में 15,000 फीट से ज्यादा ऊंचाई पर स्वदेश निर्मित आकाश प्राइम एयर डिफेंस सिस्टम का सफल परीक्षण किया। इस परीक्षण को सेना ने डीआरडीओ के वरिष्ठ अधिकारियों संग मिलकर किया, जिसने इस सिस्टम को विकसित किया है।
बकौल रक्षा अधिकारी, परीक्षणों के दौरान सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलों ने अत्यंत ऊंचाई वाले क्षेत्र में विरल वातावरण में तीव्र गति से चलने वाले लक्ष्यों पर सीधे दो प्रहार किए। आकाश प्राइम एयर डिफेंस सिस्टम भारतीय सेना में आकाश एयर डिफेंस सिस्टम्स की तीसरी और चौथी रेजिमेंट का गठन करेगी। इस सिस्टम ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीनी विमानों और तुर्किए के ड्रोनों का इस्तेमाल करके पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए हवाई हमलों को विफल करने में भी बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।
