देश

'काल' बनी INDIAN ARMY: उरी में घुसपैठ कर रहा था आतंकी कमांडर, हुआ ढेर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 16, 2023, 08:43 PM IST

भारतीय सेना ने उरी सेक्टर में घुसपैठ रोधी अभियान में आतंकवादी कमांडर बशीर अहमद मलिक को मार गिराया। पाकिस्तानी सीमा से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद फैलाने में उसका बड़ा हाथ था।

Image

Indian Army

Photo : BCCL

Indian Army: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के आकाओं और आंतकवाद की आधारभूत संरचनाओं को बड़ा नुकसान पहुंचाते हुए सुरक्षा बलों ने उरी सेक्टर में घुसपैठ रोधी अभियान में आतंकवादी कमांडर बशीर अहमद मलिक को मार गिराया। सेना ने गुरुवार को बताया कि नियंत्रण रेखा के समीप सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा चलाए गए एक संयुक्त अभियान 'ऑपरेशन काली' में बुधवार को मलिक और एक अन्य आतंकवादी को मार गिराया गया।

सेना के एक अधिकारी ने कहा, इस अभियान में दो आतंकियों को मार गिराया गया, लेकिन मुख्य पहलू बशीर अहमद मलिक को मार गिराना था। पाकिस्तानी सीमा से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद फैलाने में उसका बड़ा हाथ था। वह उत्तर में लीपा से लेकर दक्षिण में राजौरी तक पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के इलाकों में आतंकी संगठनों के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी था। मलिक, आतंकवादी संगठनों में नए लड़कों की भर्ती करने के साथ आतंकी गतिविधियों में संलिप्त था।

कई आतंकी घुसपैठ में था मलिक का हाथ

सेना के अधिकारी ने बताया कि पिछले 30 वर्षों से सक्रिय मलिक ने कई आतंकवादियों की घुसपैठ में मदद की और उन्हें सीमा पार कराया, जिसकी वजह से कई भारतीय नागरिकों, सुरक्षा कर्मियों को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने बताया, उसका मारा जाना नियंत्रण रेखा के पार आतंकवाद के आकाओं और आतंकवाद के आधारभूत ढांचे के लिए एक बड़ा झटका है। अधिकारी ने बताया कि बारामूला जिले के उरी सेक्टर में एक ही क्षेत्र से बार-बार घुसपैठ की कोशिशें कश्मीर घाटी में मौजूदा शांति व्यवस्था को बिगाड़ने और अधिक आतंकवादियों को भेजने की दुश्मन की हताशा को दर्शाती है।

15 नवंबर को शुरू किया था अभियान

उन्होंने बताया, हमने नियंत्रण रेखा पर मजबूत सुरक्षा घेरा तैयार किया हुआ है और सीमा पर हम कड़ी निगरानी रखते हैं। भारतीय सेना घुसपैठ के ऐसे किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए मुस्तैदी से तैयार है और हम दुश्मन को उसके नापाक इरादों में सफल नहीं होने देंगे। अधिकारियों ने बताया, उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पार से आतंकवादियों की घुसपैठ की संभावना के संबंध में विशेष खुफिया सूचना के आधार पर 15 नवंबर की सुबह संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में इलाके में घुसपैठ की यह दूसरी कोशिश थी। पहली कोशिश को भी विफल कर दिया गया था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article