Indian Air Force News: भारतीय वायु सेना (IAF) के विमानों ने सोमवार को भारत के 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान दिल्ली में कर्तव्य पथ पर एक रोमांचक एरियल फ्लाईपास्ट किया। इंडियन एयरफोर्स ने अपने विमानों से खूब जलवा दिखाया। इस दौरान कुल 29 वायु सेना के विमानों ने हिस्सा लिया, जिनमें 16 फाइटर विमान, चार ट्रांसपोर्ट विमान और नौ हेलीकॉप्टर शामिल थे। यह फ्लाईपास्ट गणतंत्र दिवस परेड के सबसे ज्यादा इंतजार किए जाने वाले इवेंट्स में से एक है। इसमें दुश्मन देश को हवाई पावर तो दिखती ही है, साथ ही देशवासियों के लिए यह गर्व का समय होता है।
किन फाइटर जेट्स से डराया दुश्मन?
इसमें राफेल, Su-30 MKI, MiG-29, और जगुआर एयरक्राफ्ट शामिल थे। साथ ही स्ट्रेटेजिक एसेट्स - C-130 और C-295, और इंडियन नेवी के P-8i एयरक्राफ्ट भी थे। इन फॉर्मेशन में अर्जन, वज्रांग, वरुण और विजय शामिल हैं।
दो राफेल जेट, दो मिग-29, दो Su-30 और एक जगुआर विमान 'स्पीयरहेड' फॉर्मेशन का हिस्सा थे, जो 'सिंदूर फॉर्मेशन' का प्रतीक था। यह ऑपरेशन सिंदूर में एयर फोर्स की भूमिका को समर्पित था, जिसे पिछले साल मई में पहलगाम में हुए जानलेवा आतंकी हमले के बाद आतंकवादियों को खत्म करने के लिए लॉन्च किया गया था।
प्रहार फॉर्मेशन के दौरान, एक ध्रुव एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर 'ऑपरेशन सिंदूर' का झंडा ले जाते हुए देखा गया।
छह राफेल विमान 'वज्रांग' फॉर्मेशन में उड़े, जो एक खास, हाई-प्रिसिशन एरियल डिस्प्ले है। एयर फोर्स के विमानों ने 'विक' फॉर्मेशन, 'त्रिशूल' फॉर्मेशन और 'वर्टिकल चार्ली' पैंतरेबाजी भी की।
इस दौरान एयर फोर्स की टुकड़ी में चार अधिकारी और 144 एयरमैन शामिल रहे। टुकड़ी के कमांडर स्क्वाड्रन लीडर जगदीश कुमार थे, जिनके साथ स्क्वाड्रन लीडर निकिता चौधरी, फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रखर चंद्राकर और फ्लाइट लेफ्टिनेंट दिनेश अतिरिक्त अधिकारी थे।
