देश

Arsh Dalla: खालिस्तानी अलगाववादी अर्श डल्ला की कनाडा में गिरफ्तारी, प्रत्यर्पण का प्रयास करेगा भारत

Arsh Dalla extradition from canada: पिछले महीने के अंत में कनाडा पुलिस ने कथित तौर पर डल्ला को गिरफ्तार किया था, भारत अब उसके प्रत्यर्पण के लिए कनाडा से अनुरोध करेगा।

Image

भारत अर्श डल्ला की कनाडा में गिरफ्तारी के बाद उसके प्रत्यर्पण के लिए कनाडा से अनुरोध करेगा

Arsh Dalla extradition from canada: भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह खालिस्तान टाइगर फोर्स के प्रभावी रूप से प्रमुख अर्श सिंह गिल उर्फ अर्श डल्ला की कनाडा में गिरफ्तारी के बाद उसके प्रत्यर्पण के लिए कनाडा से अनुरोध करेगा। डल्ला को 2023 में भारत में आतंकवादी घोषित किया गया था। जुलाई 2023 में भारत ने कनाडा सरकार से उसकी अस्थायी गिरफ्तारी का अनुरोध किया था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'हालिया गिरफ्तारी के मद्देनजर हमारी एजेंसियां प्रत्यर्पण अनुरोध पर कार्रवाई करेंगी।'

उन्होंने कहा, 'भारत में अर्श डल्ला के आपराधिक रिकॉर्ड और कनाडा में इसी तरह की अवैध गतिविधियों में उसकी संलिप्तता को देखते हुए, यह उम्मीद की जाती है कि उसे भारत में न्याय का सामना करने के लिए प्रत्यर्पित या निर्वासित किया जाएगा।'

जायसवाल ने कहा, 'हमने 10 नवंबर से मीडिया में खालिस्तान टाइगर फोर्स के प्रभावी प्रमुख घोषित अपराधी अर्श सिंह गिल उर्फ अर्श डल्ला की कनाडा में गिरफ्तारी की खबरें देखी हैं।'उन्होंने कहा, 'कनाडाई प्रिंट और दृश्य मीडिया ने गिरफ्तारी के बारे में व्यापक रूप से रिपोर्ट की है। हमें पता चला है कि ओंटारियो अदालत ने मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है।'

जायसवाल डल्ला की गिरफ्तारी के संबंध में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। जायसवाल ने कहा, 'अर्श डल्ला हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और आतंकी गतिविधियों के वित्तपोषण सहित 50 से अधिक मामलों में घोषित अपराधी है। मई 2022 में उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था।'उन्होंने कहा, 'उसे 2023 में भारत में एक व्यक्तिगत आतंकवादी के रूप में नामित किया गया था। जुलाई 2023 में, भारत सरकार ने कनाडा सरकार से उसकी अनंतिम गिरफ्तारी के लिए अनुरोध किया था। इसे अस्वीकार कर दिया गया था।'

जायसवाल ने कहा कि भारत ने इस मामले में कनाडाई अधिकारियों को अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध करा दी है। जायसवाल ने कहा, 'अर्श डल्ला के संदिग्ध आवासीय पते, भारत में उसके वित्तीय लेन-देन, चल/अचल संपत्तियों, मोबाइल नंबरों आदि के विवरण को सत्यापित करने के लिए पारस्परिक कानूनी सहायता संधि (एमएलएटी) के तहत कनाडा को एक अलग अनुरोध भी भेजा गया था - ये सभी विवरण जनवरी 2023 में कनाडाई अधिकारियों को प्रदान किए गए थे।' उन्होंने कहा, 'दिसंबर 2023 में कनाडा के न्याय विभाग ने मामले पर अतिरिक्त जानकारी मांगी थी। इन प्रश्नों का उत्तर इस वर्ष मार्च में भेजा गया।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article