देश

ब्रिक्स के इस देश को अभेद किले में तब्दील करेगा AKASH! भारत संग हो सकती है बड़ी डिफेंस डील

Akash Missile System: भारत ने ब्राजील के सामने आकाश मिसाइल सिस्टम की आपूर्ति का प्रस्ताव रखा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में ब्राजील के उपराष्ट्रपति गेराल्डो अल्कमिन से द्विपक्षीय वार्ता की। मामले से परिचित लोगों ने बताया कि बैठक में भारत ने ब्राजील को आकाश मिसाइल प्रणाली की आपूर्ति का समर्थन किया है। भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक साझेदारी है।

Image

आकाश मिसाइल सिस्टम (फाइल फोटो साभार: ANI)

Photo : ANI

Akash Missile System: भारत ने ब्राजील के सामने आकाश मिसाइल सिस्टम की आपूर्ति का प्रस्ताव रखा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में ब्राजील के उपराष्ट्रपति गेराल्डो अल्कमिन से द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा उपकरणों के सह-विकास और सह-उत्पादन के अवसर तलाशने सहित अन्य ‘‘प्राथमिकता वाले क्षेत्रों’’ की पहचान की।

दुनिया ने देखी 'आकाश' की ताकत

ऑपरेशन सिंदूर के दरमियां दुनिया ने भारत की ताकत देखी है जिसमें स्वदेशी आकाश मिसाइल सिस्टम की भूमिका अहम रही जिसने पाकिस्तान के हमलों को बेअसर कर दिया। इसी वजह से कई देश आकाश मिसाइल सिस्टम को खरीदने में अपनी रुचि दिखा रहे हैं और इसमें अब ब्राजील का नाम जुड़ गया है, जो भारत का एक रणनीतिक साझेदार है।

यह भी पढ़ें:

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बैठक के दौरान ब्राजील के रक्षा मंत्री जोस मुसियो मोंटेइरो फिल्हो भी मौजूद थे। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मामले से परिचित लोगों ने बताया कि बैठक में भारत ने ब्राजील को आकाश मिसाइल प्रणाली की आपूर्ति का समर्थन किया है। भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक साझेदारी है।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सिंह ने नई दिल्ली में ब्राजील के उपराष्ट्रपति के साथ बैठक की। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘नेताओं ने संयुक्त अभ्यास और प्रशिक्षण यात्राओं सहित सैन्य आदान-प्रदान पर ध्यान केंद्रित करते हुए रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने की अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की।’’ उन्होंने मौजूदा रक्षा-संबंधी पहलों की प्रगति की समीक्षा भी की।

AKASH की खासियत

आकाश मिसाइल सिस्टम को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) द्वारा विकसित और भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (BDL) द्वारा निर्मित किया गया है। यह मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल रक्षा प्रणाली है, जो दुश्मन के हमलों को नाकाम करने में कारगर है। यह मिसाइल सिस्टम एक अभेद किले का निर्माण करता है, जो दुश्मनों के हौसलों को पस्त कर देता है।

  • आकाश मिसाइल सिस्टम हवा से सतह पर दागी गईं मिसाइलों, लड़ाकू विमानों, क्रूज मिसाइलों और यहां तक कि ड्रोन हमलों को भी बेअसर कर देती हैं। हाल ही में आकाश मिसाइल सिस्टम का जलवा आप सभी ने देखा ही होगा।
  • इसकी मिसाइलें 20 फीट लंबी, 710 किलोग्राम वजनी और 60 किलोग्राम का वारहेड ले जाने में सक्षम हैं।
  • सिंगल मिसाइल से इसकी मारक क्षमता 88 फीसद, जबकि डबल मिसाइल से मारक क्षमता 99 फीसद है।

आकाश मिसाइल सिस्टम ऑटोमैटिक मोड पर काम करता है। यह अपने लक्ष्य को पहचानने, टारगेट सेट करने और उसे बेअसर करने में माहिर है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article