पीएम मोदी का जन्मदिन इस बार एक खास अंदाज में मनाया जाएगा। 17 सितम्बर 2025 को देश सेवा का सबसे बड़ा पर्व देखने को मिलेगा, जब अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभतेयुप) विश्व का सबसे बड़ा रक्तदान अभियान आयोजित करेगा। खास बात यह है कि इस ऐतिहासिक अभियान का वर्चुअल उद्घाटन खुद प्रधानमंत्री मोदी जी करेंगे।
जन्मदिन पर सेवा का संकल्प
पिछले कई वर्षों से पीएम मोदी का जन्मदिवस “सेवा दिवस” के रूप में मनाया जाता रहा है। इस बार का आयोजन इसे और भव्य बना देगा। लाखों लोग रक्तदान करके न सिर्फ पीएम मोदी के जन्मदिन को यादगार बनाएंगे, बल्कि हजारों ज़िंदगियों को नई उम्मीद भी देंगे।
देशभर में एक साथ हजारों शिविर
17 सितम्बर को पूरे भारत में लगभग 2000 से अधिक स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। दिल्ली में 25 से 30 जगह कैंप लगेंगे, जबकि अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम विश्व के सबसे बड़े रक्तदान शिविर का गवाह बनेगा।इस अभियान के तहत 4 लाख यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है, जो अब तक का विश्व रिकॉर्ड होगा।
अभूतपूर्व तैयारियाँ
अभतेयुप के अध्यक्ष रमेश डागा और महासचिव अमित नाहटा के अनुसार, इस बार अभियान में 25 लाख स्वयंसेवक, 5000 ब्लड कलेक्शन टीम और 4000 से अधिक कैंप शामिल होंगे। चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से योगदान देंगे। दिल्ली प्रदेश तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष ने कहा, “प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन को सेवा दिवस बनाकर हम यह संदेश देना चाहते हैं कि रक्तदान से बड़ा कोई उपहार नहीं।”
कैसे जुड़ें आप?
अगर आप भी इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो नजदीकी रक्तदान स्थल की जानकारी ई-रक्तकोश पोर्टल www.eraktkosh.mohfw.gov.in से प्राप्त कर सकते हैं।
यह अभियान सिर्फ रक्तदान तक सीमित नहीं, बल्कि मानवता, सहयोग और सेवा का एक विशाल संदेश है। इस 17 सितम्बर को जब पीएम मोदी वर्चुअल उद्घाटन करेंगे, तो पूरा भारत एक साथ यह साबित करेगा कि “एक बूंद खून, एक नई जिंदगी की गारंटी है।
