देश

'दुनियाभर में दूसरा सबसे बड़ा हथियार आयातक बना भारत...' SIPRI की रिपोर्ट

थिंक टैंक ने अपनी रिपोर्ट 'ट्रेंड्स इन इंटरनेशनल आर्म्स ट्रांसफर्स' में बताया है कि चीन घरेलू उत्पादन में विस्तार के कारण 1991-1995 के बाद पहली बार शीर्ष 10 हथियार आयातकों की सूची से बाहर हो गया है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

स्वीडन के 'थिंक टैंक' एसआईपीआरआई ने सोमवार को एक नयी रिपोर्ट में कहा कि भारत 2021 से 2025 तक हथियारों और सैन्य उपकरणों का दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा आयातक था और इनका एक बड़ा हिस्सा रूस से आयात हुआ। स्टॉकहॉम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टिट्यूट (SIPRI) ने कहा कि 2021 से 2025 तक दुनियाभर में जितने हथियारों का निर्यात हुआ, उनमें से 9.7 प्रतिशत यूक्रेन को मिला, इस लिहाज से वह इस अवधि के दौरान शीर्ष पर रहा।

थिंक टैंक ने अपनी रिपोर्ट 'ट्रेंड्स इन इंटरनेशनल आर्म्स ट्रांसफर्स' में बताया है कि चीन घरेलू उत्पादन में विस्तार के कारण 1991-1995 के बाद पहली बार शीर्ष 10 हथियार आयातकों की सूची से बाहर हो गया है।

'अंतरराष्ट्रीय हथियार निर्यातों में से 42 प्रतिशत की आपूर्ति अमेरिका ने की'

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2021-25 के दौरान सभी अंतरराष्ट्रीय हथियार निर्यातों में से 42 प्रतिशत की आपूर्ति अमेरिका ने की, जो 2016 से 2020 में 36 प्रतिशत थी।एशिया और ओशिनिया के चार देश- भारत, पाकिस्तान, जापान और ऑस्ट्रेलिया- 2021 से 2025 के बीच वैश्विक स्तर पर हथियारों के 10 सबसे बड़े आयातकों में शामिल थे।

साल 2021 से 2025 के बीच इस क्षेत्र में मुख्य आपूर्तिकर्ता अमेरिका था, जिसकी क्षेत्रीय हथियार आयात में 35 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। रूस की हिस्सेदारी 17 प्रतिशत और चीन की 14 प्रतिशत थी।

'भारत के हथियार आयात का सबसे बड़ा हिस्सा रूस से आया, जो 40 प्रतिशत था'

एसआईपीआरआई ने कहा, 'भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हथियार आयातक देश था। वर्ष 2016 से 2020 और 2021 से 2025 के बीच इसके आयात में मामूली (चार प्रतिशत) कमी आई।' रिपोर्ट में कहा गया है, 'भारत के हथियार आयात का सबसे बड़ा हिस्सा रूस से आया, जो 40 प्रतिशत था। यह 2016-20 (51 प्रतिशत) की तुलना में काफी कम हिस्सा है और 2011-15 (70 प्रतिशत) की तुलना में लगभग आधा है।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article