Times Now Summit 2024: हाल ही में कांग्रेस छोड़कर शिव सेना में शामिल हुए मिलिंद देवड़ा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टाइम्स नाउ समिट से जुड़े। समिट के दूसरे दिन उन्होंने एक्जीक्यूटिव एडिटर , टाइम्स नाउ पद्मजा के एक-एक प्रश्न का मुस्तैदी से जवाब दिया। उन्होंने अपने नेता एकनाथ शिंदे से लेकर पीएम मोदी और कांग्रेस व विपक्षी गठबंधन के बारे में भी प्रश्नों के उत्तर दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष के साथ फंडामेंटल प्रॉब्लम ये है कि वह 10 वर्षों में देश को कंस्ट्रक्टिव एजेंडा नहीं दे पाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि विपक्षी गठबंधन INDIA लोकसभा चुनाव 2024 में 100 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगा।
मिलिंद देवड़ा ने कहा कि NDA में बात अब की बार 400 पार की हो रही है। लेकिन विपक्षी INDI अलायंस 100 सीटें भी नहीं जीत पाएगा। उन्होंने कहा कि अगर वह 100 सीट से ज्यादा जीतते हैं तो मुझे आश्चर्य होगा। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उम्मीद करता हूं इसके बावजूद वह एक मजबूत और कंस्ट्रक्टिव सुझाव देने वाला विपक्ष साबित होगा। उन्होंने महाराष्ट्र में पूर्व में सत्तारूढ़ MVA गठबंधन और INDI अलायंस दोनों को ही अवसरवादी करार दिया।
