Independence Day: भारत ने शनिवार को अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। दुनिया के अलग-अलग देशों में भी स्वतंत्रता दिवस पर प्रवाशी भारतीयों ने जमकर जश्न मनाए। वहीं, इस मौके पर दुबई का मशहूर बुर्ज खलीफा शुक्रवार (15 अगस्त 2026) की रात तिरंगे के रंगों से जगमगा उठा। दुनिया की सबसे ऊंची इमारत पर केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी जगमगा उठी। इस नजारे को देखने के लिए बड़ी तादाद में लोग वहां जुटे थे।
तिरंगे के रंग में चमका बुर्ज खलीफा
दुबई स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने इस खास मौके की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए। पोस्ट में इसे भारत की यात्रा, गर्व और भावना को समर्पित खास श्रद्धांजलि बताया गया. साथ ही इसे भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच मजबूत दोस्ती का प्रतीक भी बताया गया।
दोनों देशों की दोस्ती की दिखी झलक
बता दें कि भारत और यूएई का रिश्ता बेहद शानदार है। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, तकनीक और संस्कृति जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ा है। यूएई में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं. इस वजह से भारत के राष्ट्रीय पर्व वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के लिए भी खास महत्व रखते हैं।
पुतिन सहित दुनियाभर के कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ,फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युएल मैक्रों, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और दोनों देशों के रिश्तों की अहमियत रेखांकित की।
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रूस-भारत संबंध विशेष रूप से विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी की भावना के साथ लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश कई क्षेत्रों में लाभकारी सहयोग कर रहे हैं और संयुक्त राष्ट्र, शंघाई सहयोग संगठन, ब्रिक्स समेत विभिन्न बहुपक्षीय मंचों पर साथ काम कर रहे हैं।
