देश

'यदि वे हमला करेंगे तो इससे भी बुरा हाल होगा', गुयाना में शशि थरूर ने PAK को फिर चेताया

मीडिया से बातचीत में थरूर ने कहा, 'पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की हत्या करने वाले आतंकवादियों की मंशा भारत में हिंदुओं-मुस्लिमों के बीच सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की भी थी लेकिन यह नाकाम हो गया। भारत का पूरा समुदाय एकजुट हो गया। चार दिन तक चले संघर्ष के बारे में जानकारी देने के लिए सरकार और सेना ने जो दो सैन्य महिलाओं को आगे किया उनमें से एक मुस्लिम है।

Image

गुयाना में है शशि थरूर की अगुवाई वाला शिष्टमंडल।

Shashi Tharoor : आतंकवाद के खिलाफ सर्वदलीय शिष्टमंडल की अगुवाई कर रहे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोमवार को एक बार फिर पाकिस्तान को चेतावनी दी। गुयाना के जॉर्ज टाउन में थरूर ने कहा कि 'यदि वे फिर से हमला करते हैं तो उनका हाल इस बार से भी बुरा होगा।' कांग्रेस नेता ने कहा कि हम चाहते हैं कि दुनिया डर में नहीं साहस के साथ प्रतिक्रिया दे। थरूर का शिष्टमंडल अमेरिका की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद गुयाना पहुंचा है। इस शिष्टमंडल को पनामा, ब्राजील और कोलोंबिया भी जाएगा।

यह फिर हमला करेंगे, यह सोचकर हम दहशत में नहीं हैं-थरूर

थरूर ने कहा, 'हमारे बीच अभी शांति है और हम शांति में रहना चाहते हैं। यह बहुत बड़ा संदेश है लेकिन जैसा कि आपके राष्ट्रपति ने कहा कि हम अपनी ताकत के साथ शांति में रहना चाहते हैं न कि दहशत की वजह से। ये लोग कल फिर से हमला करेंगे, यह सोचकर हम दहशत में नहीं हैं। यदि वे फिर हमला करेंगे तो इससे भी बुरा हाल होगा।'

'आतंकी भारत में सांप्रदायिक हिंसा भड़काने चाहते थे'

मीडिया से बातचीत में थरूर ने कहा, 'पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की हत्या करने वाले आतंकवादियों की मंशा भारत में हिंदुओं-मुस्लिमों के बीच सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की भी थी लेकिन यह नाकाम हो गया। भारत का पूरा समुदाय एकजुट हो गया। चार दिन तक चले संघर्ष के बारे में जानकारी देने के लिए सरकार और सेना ने जो दो सैन्य महिलाओं को आगे किया उनमें से एक मुस्लिम है। यह भी बहुत बड़ा और स्पष्ट संदेश है। यह हिंदू-मुस्लिम के बारे में नहीं बल्कि आतंकवाद के बारे में है।'

भारत में आतंकी हमला अब युद्ध माना जाएगा-पात्रा

वहीं कांगो के किंशासा में बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा ने कहा, 'भारत एकजुट है। यह एक महत्वपूर्ण संदेश है, पाकिस्तान की आतंकवाद की समस्या केवल भारत की नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की समस्या है। हमें सतर्क रहना होगा। ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई की धारणा को पूरी तरह बदल दिया है, और भारत पर किया गया कोई भी आतंकी हमला अब युद्ध की तरह माना जाएगा। नया भारत और नई कहानी यह है कि अगर आप आकर हमें मारते हैं, तो हम आपको वहीं जाकर अपनी मिसाइलों से मारेंगे, जहां आप सो रहे हैं।'

पाकिस्तान की मंशा कभी खत्म नहीं हुई-मनीष तिवारी

दोहा में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, 'भारत कई विभिन्न धर्मों, समुदायों, भाषाओं का एक अद्भुत संगम है, और हमारी इसी संस्कृति और विरासत में हमने हमेशा शांति से रहने और अपने पड़ोसियों के साथ समन्वय में आगे बढ़ने की कोशिश की है। हमारा पश्चिमी पड़ोसी पाकिस्तान लगातार भारत के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा देता रहा है। भारत ने इस स्थिति को बहुत धैर्य और सहनशीलता के साथ रोकने की कोशिश की है, लेकिन भारत के प्रयासों के बावजूद पाकिस्तान की मंशा कभी खत्म नहीं हुई। आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता, आतंकवाद एक घृणित कैंसर है, जिसे पूरे विश्व से अलग करना जरूरी है, इसे नष्ट करना जरूरी है, और इसलिए हम यह संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचा रहे हैं।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article