Rajnath Singh: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ को सख्त चेतावनी दी। राजनाथ ने कहा कि आसिफ को इस तरह का 'उकसाने वाला बयान नहीं देना चाहिए'। रक्षा मंत्री ने कहा कि '55 साल पहले पाकिस्तान ने हमारे बंगाल की की तरफ देखने की कोशिश की थी। इसका नतीजा हुआ कि उसके दो टुकड़े पाकिस्तान और बांग्लादेश हो गए।' सिंह ने कहा कि पाकिस्तान यदि एक बार फिर से दुस्साहस दिखाएगा तो उसका हश्र 1971 जैसा कर देंगे। दरअसल, आसिफ ने हाल ही में मिसाइलों से कोलकाता को निशाना बनाए जाने की बात कही है।
ईश्वर ही जानता है PAK के कितने टुकड़े होंगे-राजनाथ
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में सिंह ने कहा कि 'बंगाल की तरफ अब अंगुली उठाई तो ईश्वर ही जानते हैं कि पाकिस्तान के कितने टुकड़े होंगे।' उन्होंने कहा कि 'पाकिस्तान के रक्षा मंत्री को इस तरह का उकसाने वाला बयान नहीं देना चाहिए। 55 साल पहले पाकिस्तान ने एक गलती की और उसके दो टुकड़े हो गए। इस बार बंगाल की तरफ यदि वे नजर उठाएंगे तो केवल ईश्वर ही जानता है कि इस बार पाकिस्तान के कितने टुकड़े होंगे।'
अभिषेक बनर्जी ने पीएम-गृह मंत्री पर साधा निशाना
आसिफ ने बीते शनिवार को कथित रूप से कहा कि 'भविष्य में भारत की तरफ से यदि कोई कार्रवाई होती है तो पाकिस्तान अपनी मिसाइलों से कोलकाता को निशाना बनाएगा।' आसिफ के इस बयान को लेकर तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। बनर्जी ने कहा कि 'आसिफ के उस बयान जिसमें उसने कोलकाता पर हमले की बात कही है, उसकी निंदा करने का साहस पीएम और गृह मंत्री के पास नहीं है।'
'क्या यही आपका 56 इंच का सीना है?’
सिलीगुड़ी में एक रैली को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री और उनके वरिष्ठ मंत्रिमंडल सहयोगियों की चुप्पी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, 'केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस धमकी पर चुप हैं। वह (आसिफ) पाकिस्तान में बैठकर कोलकाता पर हमले की धमकी दे रहे हैं, जबकि मोदी कूचबिहार में चुनाव प्रचार कर रहे हैं और लोगों से तृणमूल को सत्ता से हटाने की अपील कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, 'शाह हमें बांग्लादेशी और पाकिस्तानी करार देते हैं, और जब वे (पाकिस्तानी रक्षा मंत्री) कोलकाता पर हमला करने की धमकी देते हैं, तो वह मूक दर्शक की तरह बैठे रहते हैं। क्या यही आपका 56 इंच का सीना है?’
ममता ने पूछा-पाकिस्तान की धमकी का जवाब क्यों नहीं दिया?
केंद्र सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए बनर्जी ने कहा, 'मोदी एकमात्र ऐसे नेता हैं जो सेना, सुरक्षा बलों और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कर रहे हैं, जबकि अन्य देश अपनी सेनाओं का इस्तेमाल बाहरी दुश्मनों से लड़ने के लिए करते हैं।’ इससे पहले दिन में, नदिया जिले में एक रैली के दौरान ममता बनर्जी ने सवाल किया कि मोदी ने एक दिन पहले राज्य में अपनी चुनावी रैलियों के दौरान कोलकाता पर हमले की पाकिस्तान की धमकी का जवाब क्यों नहीं दिया।
