देश

IAS Pooja Khedkar: ट्रेनी IAS पूजा खेडकर की मां का वीडियो वायरल, पिस्तौल लेकर किसानों को धमकाते आई नजर; दबंगई देख रह जाएंगे हैरान

IAS Pooja Khedkar: आईएएस (ट्रेनी) पूजा खेडकर की मां ने पुणे के किसान को पिस्तौल दिखाकर धमकाया। अब किसानों द्वारा जांच की मांग की जा रही है। संपत्ति के रिकॉर्ड के अनुसार, खेडकर परिवार के पास पुणे में 25 एकड़ से अधिक जमीन है।

Image

आईएएस (ट्रेनी) पूजा खेडकर की मां ने पुणे के किसान को पिस्तौल दिखाकर धमकाया, जांच की मांग

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • पूजा खेडकर की मां ने पुणे के किसान को पिस्तौल दिखाकर धमकाया
  • किसानों ने की जांच की मांग
  • खेडकर परिवार के पास पुणे में 25 एकड़ से अधिक जमीन

IAS Pooja Khedkar: वाशिम जिले की विवादित सहायक जिलाधीश और आईएएस-प्रोबेशनरी ऑफिसर (PO) पूजा दिलीप खेडकर की मुसीबतें और बढ़ गई हैं। उनकी मां का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह कथित तौर पर पुणे के किसान को पिस्तौल का डर दिखाकर जमीन बेचने के लिए मजबूर करने का प्रयास करती दिख रही हैं। मुलशी क्षेत्र में यह घटना करीब दो महीने पहले हुई थी, लेकिन इसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में पूजा की मां मनोरमा डी. खेडकर को पिस्तौल दिखाकर एक किसान को धमकाते देखा जा सकता है।

किसानों के साथ तीखी बहस करती नजर आई मनोरमा खेडकर

पुरुष बाउंसरों और महिला सुरक्षाकर्मियों की एक पेशेवर टीम के साथ मनोरमा खेडकर ने किसानों के साथ तीखी बहस की और इस दौरान उन पर पिस्तौल भी तान दी। बाद में इलाके के पीड़ित किसानों ने दावा किया कि वे इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया। अब उन्होंने घटना की गहन जांच की मांग की है।

उनकी संपत्ति के रिकॉर्ड के अनुसार, खेडकर परिवार के पास पुणे में 25 एकड़ से अधिक जमीन है। उन्होंने पड़ोसी किसानों को अपनी जमीन बेचने के लिए मजबूर करके वहां अपनी जमीन बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन ज्यादातर ने इस कोशिश का विरोध किया। बीते कुछ दिनों में उठे बड़े विवाद के बाद आईएएस (पीओ) पूजा खेडकर को पुणे कलेक्टरेट से वाशिम कलेक्टरेट में सहायक जिलाधीश के रूप में ट्रांसफर कर दिया गया है, जहां उन्होंने 11 जुलाई को कार्यभार संभाला।

आरटीआई कार्यकर्ता विजय कुंभार की ओर से चलाए गए अभियान के बाद खेडकर परिवार में दिलीप के. खेडकर, मनोरमा डी. खेडकर और उनकी बेटी पूजा डी. खेडकर की संपत्ति को लेकर चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। केंद्र और राज्य ने पहले ही पूजा डी. खेडकर के खिलाफ आईएएस (पीओ) के रूप में उनके विभिन्न कथित कार्यों, उनके ओबीसी नॉन-क्रीमी लेयर प्रमाणपत्र, मेडिकल रिकॉर्ड, ट्रैफिक पुलिस डेटा आदि से संबंधित दस्तावेजों की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article