देश

सरकार को बदनाम करने के लिए ऐसा लोग कर रहे हैं- बिहार में पुलों के गिरने पर जीतन राम मांझी का तर्क, 9 दिन में 5 ब्रिज को चुका है धाराशाही

बिहार में हाल के दिनों में कई पुल गिर चुके हैं। जिसपर सरकार जांच की बात कह रही है। हालांकि पुलों के लगातार गिरने को लेकर नीतीश सरकार सवालों के घेरे में है।

Image

जीतन राम मांझी ने बिहार में पुल गिरने पर दिए अजीब तर्क

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • केंद्र सरकार में मंत्री है जीतन राम मांझी
  • बिहार की नीतीश सरकार में भी हैं सहयोगी
  • पुल गिरने के बाद से सवालों के घेरे में है नीतीश सरकार

बिहार में पिछले 9 दिनों में 5 पुल गिर चुके हैं। ऐसा नहीं है कि बिहार में पहली बार पुल गिरा है, पहले भी गिरते रहे हैं। भ्रष्टाचार का आरोप लगते रहा है, अधिकारी और इंजीनियर सस्पेंड होते रहे हैं। लेकिन इस बार धड़ाधड़ पुल गिर रहे हैं। कारण क्या है इसपर जांच तो चल रही है, लेकिन पुल को गिरने को लेकर अब अजीबो-गरीब तर्क आने लगे हैं। बिहार के पूर्व सीएम, नीतीश कुमार की सरकार में सालों से सहयोगी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का कहा है कि पुल गिरने में उन्हें साजिश नजर आ रही है। कोई जानबूझकर ऐसे कर रहा है।

जीतन राम मांझी का अजीबो-गरीब तर्क

मोदी सरकार में मंत्री जीतन राम मांझी से जब बिहार में पुल गिरने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा- "ये बात तो सही है, चिंता का विषय है कि पुल गिर रहे हैं, काहे पुल गिरे हैं, तो ऐसा तो लगता है कि उसमें खराब मेटेरियल लगा होगा। लेकिन आज से 15 दिन पहले या एक महीना पहले पुल क्यों नहीं गिर रहा था? अभी क्यों गिर रहा है? इसमें हमको लग रहा है कि कहीं न कहीं साजिश तो नहीं है? जानबूझकर लोग सरकार को बदनाम करने के लिए इस तरह की बात करते हैं, आपने दो महीना पहले पुल गिरने का लगातार उदाहरण देखा था? एक आध पुल कभी गिरा था, उसपर कार्रवाई हो रही थी। लेकिन लगातार पुल गिर रहा है, इसका मतलब हमको लगता है कि कहीं न कहीं सरकार को बदनाम करने के लिए ऐसा लोग कर रहे हैं। लेकिन सरकार अपनी तरफ से जो पुल गिरे हैं, उसके ठेकेदार और इंजीनियर पर सख्त से सख्त कार्रवाई कर रही है और आगे ऐसा न हो इसके लिए भी सरकार सचेत है।"

नीतीश की छवि पर असर

दरअसल बिहार में पुल गिरने से नीतीश कुमार की छवि पर असर पड़ता दिख रहा है। पिछले लगभग 20 सालों से बिहार में नीतीश कुमार सीएम हैं और बीच के कुछ साल को छोड़ दें तो नीतीश के साथ वहां बीजेपी गठबंधन में रही है। जीतन राम मांझी पहले जदयू में ही थे, बाद में अलग पार्टी बनाई तब भी कुछ समय को छोड़कर वो सरकार में ही रहे हैं। फिलहाल तीनों बिहार के साथ-साथ केंद्र में भी साथ हैं।

बिहार में कब-कब गिरे पुल

बिहार में 28 जून को मधुबनी में एक पुल गिर गया था। उससे पहले 18 जून को अररिया में, 22 जून को सीवान में, 23 जून को पूर्वी चंपारण में, 27 जून को किशनगंज में पुल गिर चुका है। जिसमें सरकार को करोड़ों का नुकसान हो चुका है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article