PM Modi in Odisha: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ओडिशा सरकार के एक साल पूरी होने पर मुख्यमंत्री मोहन माझी को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र किया और बताया कि उन्होंने मुझे डिनर के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन महाप्रभु जगन्नाथ की धरती पर आने के लिए मैंने उनके अनुरोध को विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर दिया।
'सुशासन की स्थापना की वर्षगांठ'
उन्होंने कहा कि आज 20 जून का ये दिन बहुत विशेष है। आज ओडिशा की पहली भाजपा सरकार ने सफलता के साथ एक साल पूरा किया है। ये वर्षगांठ, सिर्फ सरकार की नहीं है, ये सुशासन की स्थापना की वर्षगांठ है। ये एक साल जनसेवा व जनविश्वास को समर्पित हैं। ये ओडिशा के करोड़ों मतदाताओं के विश्वास पर खरा उतरने के ईमानदार प्रयास का एक शानदार वर्ष है। मैं ओडिशा की जनता का, आप सभी का ह्रदय से अभिनंदन करता हूं। मैं मुख्यमंत्री मोहन माझी और उनकी पूरी टीम को भी बहुत बहुत बधाई देता हूं।
उन्होंने कहा कि ओडिशा सिर्फ एक राज्य भर नहीं है, बल्कि भारत की विरासत का दिव्य सितारा है। ओडिशा सैकड़ों वर्षों से भारतीय सभ्यता को, हमारी संस्कृति को समृद्ध करता रहा है। इसलिए आज जब विकास और विरासत का मंत्र भारत की प्रगति का आधार बना है, तब ओडिशा की भूमिका और बड़ी हो गई है।
जब PM मोदी ने ट्रंप के निमंत्रण को किया अस्वीकार
अभी दो दिन पहले मैं जी7 समिट के लिए कनाडा में था। उस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मुझे फोन किया और बड़े आग्रह के साथ निमंत्रण दिया। मैंने अमेरिका के राष्ट्रपति से कहा- निमंत्रण के लिए आपका धन्यवाद, लेकिन मुझे तो महाप्रभु की धरती पर जाना जरूरी है। इसलिए मैंने उनका निमंत्रण विनम्रता से मना किया। आपका प्रेम मुझे महाप्रभु की धरती तक खींच लाया है।
