शहर

18 साल पुराना केस, 4,000 किमी पीछा और नेपाल बॉर्डर पर गिरफ्तारी! 13 साल की नाबालिग के अपहरण-रेप का आरोपी दबोचा

गुजरात की डांग LCB ने 18 साल से फरार रेप के आरोपी को नेपाल सीमा के पास गिरफ्तार किया। आरोप है कि 2008 में उसने 13 साल की नाबालिग का अपहरण कर उसे नेपाल ले गया था।

Image

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में ई-रिक्शा पर भंगार का धंधा कर रहा था

गुजरात के डांग जिले की स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने 2008 के अपहरण और बलात्कार के मामले में 18 साल से फरार आरोपी रामलक्ष्मण उर्फ लक्ष्मण राधेश्याम बनिया उर्फ अग्रहरी को उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने 2008 में आहवा तालुके की 13 साल की नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसका अपहरण किया और उसे उत्तर प्रदेश व नेपाल ले गया। गिरफ्तारी सूरत रेंज आईजी प्रेमवीर सिंह के "नो वॉन्टेड इन साउथ गुजरात" अभियान के तहत हुई।

अभियान के तहत बना विशेष एक्शन प्लान

सूरत रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) प्रेमवीर सिंह (IPS) ने "नो वॉन्टेड इन साउथ गुजरात" अभियान के तहत फरार और वांछित आरोपियों को खोजकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद डांग-आहवा की पुलिस अधीक्षक (SP) पूजा यादव ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष एक्शन प्लान बनाया। उनके सीधे मार्गदर्शन में LCB के पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) जे.जी. अनडकट और उनकी टीम ने वर्कआउट किया।

बाजार घुमाने के बहाने अपहरण का आरोप

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के मिठवल गांव का रहने वाला आरोपी 2008 में डांग जिले में किराए पर रहकर भंगार खरीदने-बेचने का काम करता था। नाबालिग अपनी मां के साथ उसके यहां पानी भरने और छोटे-मोटे काम करने जाती थी, जिससे उसकी आरोपी से जान-पहचान हो गई।

आरोप है कि आरोपी उसे बाजार घुमाने के बहाने बहला-फुसलाकर पहले महाराष्ट्र ले गया और फिर उत्तर प्रदेश और नेपाल ले गया। पुलिस का आरोप है कि उसने नेपाल में उसके साथ बलात्कार किया। करीब 20 दिन बाद वह उसे ट्रेन से महाराष्ट्र के सटाणा में छोड़कर, रिश्तेदारों के यहां जाने की बात समझाकर, खुद फरार हो गया।

सूचना मिली, नेपाल सीमा पर की रेकी

LCB टीम को सूचना मिली कि 18 साल से फरार यह आरोपी भारत-नेपाल सीमा पर उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में ई-रिक्शा पर भंगार का धंधा कर रहा है। टीम इसी सूचना के आधार पर वहां पहुंची। उसने सीमावर्ती इलाके में पैदल और ई-रिक्शा में घूमकर रेकी की और आरोपी की भंगार वाली ई-रिक्शा की पहचान की। आरोपी की पुष्टि करने के बाद टीम ने उसकी रिक्शा का पीछा किया, ताकि वह भाग न सके।

भारत-नेपाल सीमा से डेढ़ किमी दूर गांव से गिरफ्तारी

पुलिस ने आरोपी को भारत-नेपाल सीमा से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मिठवल (बर्डपुर-3) गांव से पकड़ा। टीम ने सिद्धार्थनगर कोर्ट से उसका ट्रांजिट रिमांड लिया और उसे आहवा-डांग लाकर आगे की कार्रवाई के लिए आहवा पुलिस थाने को सौंप दिया। इस पूरी कार्रवाई में LCB टीम ने कुल करीब 4,000 किलोमीटर का सफर तय किया।

टाइम्स नाउ नवभारत से बातचीत में PSI जे.जी. अनडकट ने कहा, "एसपी पूजा यादव के मार्गदर्शन में हमने पूरा ऑपरेशन किया। आरोपी उस समय युवती को उत्तर प्रदेश ले गया और बाद में नेपाल ले गया था। हमें कुछ दिन पहले सूचना मिली थी कि आरोपी वहां रिक्शा चलाता है। इसलिए हमने वहां जाकर कई दिनों तक रिक्शा भी चलाई। आखिरकार आरोपी पकड़ा गया और हम उसे 4 हजार किलोमीटर दूर से लाए।"

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article