IndiGo Flight Cancellations: देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो (IndiGo) का ऑपरेशनल संकट जारी है। शुक्रवार को अकेले 1000 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि कई देरी से टेकऑफ कीं। इस बीच, विमानन कंपनी के सीईओ पीटर एल्बर्स का बयान सामने आया जिसमें उन्होंने न सिर्फ माफी मांगी, बल्कि मौजूदा हालातों की भी जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि शनिवार को कितनी फ्लाइट्स कैंसिल हो सकती हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडिगो सीईओ पीटर एल्बर्स ने बताया कि एयरलाइन ने शुक्रवार को 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी, यह कुल दैनिक उड़ानों की आधी संख्या है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि कल रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या 1,000 से कम रहेंगी।
इंडिगो की 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कि जाने के बीच एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स ने शुक्रवार को कहा कि 10 से 15 दिसंबर के बीच स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। एल्बर्स ने एक वीडियो संदेश में उड़ानें रद्द होने के कारण यात्रियों को हुई भारी असुविधा के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा, "दुर्भाग्यवश पिछले कुछ दिनों में उठाए गए कदम पर्याप्त साबित नहीं हुए हैं। इसलिए हमने आज अपनी सभी प्रणाली और समय-सारिणियों को पुनः चालू करने का निर्णय लिया है। इसके परिणामस्वरूप अब तक सबसे अधिक उड़ानें रद्द हुई हैं, लेकिन यह सुधार और कामकाज बेहतर बनाने के लिए जरूरी है।"

फ्लाइट देरी से परेशान इंडिगो यात्री
एल्बर्स ने कहा, "हम उम्मीद करते हैं कि कल रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या 1,000 से कम रहेगी। विशिष्ट एफडीटीएल (उड़ान ड्यूटी समयसीमा) कार्यान्वयन राहत प्रदान करने में डीजीसीए का सहयोग बहुत मददगार साबित हुआ है।"
जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित
नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने इंडिगो की बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द होने के कारणों की व्यापक समीक्षा और आकलन के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार, समिति के सदस्यों में संयुक्त महानिदेशक संजय के ब्रम्हाने, उप महानिदेशक अमित गुप्ता, वरिष्ठ उड़ान संचालन निरीक्षक कैप्टन कपिल मांगलिक और उड़ान संचालन निरीक्षक कैप्टन रामपाल शामिल हैं। आदेश में कहा गया है कि समिति 15 दिनों के भीतर डीजीसीए को अपने निष्कर्ष और सिफारिशें प्रस्तुत करेगी ताकि आवश्यक नियामक प्रवर्तन कार्रवाई की जा सके और संस्थागत सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
