IndiGo Flight Cancellations: विमानन कंपनी इंडिगो की लगातार रद्द हो रही उड़ानों से हवाई यात्री बेहद परेशान हैं। देशभर के हवाई अड्डों में अफरा-तफरी जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। मौजूदा स्थिति पर सरकार अपनी पैनी निगाह बनाए हुए हैं और उम्मीद जता रही है कि आज रात तक स्थितियां सामान्य हो जाएंगी। सरकार लगातार एयरलाइन को निर्देश दे रही है कि वह यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधाओं की व्यवस्था करें। इसके बावजूद यात्रियों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
इंडिगो स्टाफ से यात्री परेशान
बेंगलुरू एयरपोर्ट के बाहर मौजूद यात्रियों का एक वीडियो सामने आया जिसमें उन्होंने इंडिगो एयरलाइन के स्टाफ की शिकायत की और बताया कि उड़ान में देरी होने के बावजूद न तो उन्हें पानी दिया गया और ही खाना। इसके अलावा इस बात की जानकारी भी नहीं दी जा रही थी कि क्या उड़ान रद्द हो गई है या देरी से टेकऑफ करेगी।
फ्लाइट की क्या है स्थिति?
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में हवाईयात्रियों के एक ग्रुप ने अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा, ''...इंडिगो स्टाफ ने कोई डिनर, पानी की बोतलें या कोई अन्य सुविधा नहीं दी। अयप्पा रीति-रिवाजों के अनुसार, हम सुबह और शाम को 41 दिनों की पूजा करते हैं... उन्होंने ऐसा क्यों किया, हमें नहीं पता। अगर कोई तकनीकी समस्या है या कोई और दिक्कत है तो फ्लाइट रद्द कर दें... वे जवाब भी नहीं दे रहे हैं। वे यह भी नहीं बता रहे हैं कि फ्लाइट की क्या स्थिति है, वे बस भाग रहे हैं।''
IndiGo क्यों रद्द कर रहा उड़ानें?
इंडिगो ने कहा कि शुक्रवार को सबसे अधिक उड़ानें रद्द होने की आशंका है। एयरपोर्ट्स पर भीड़ कम करने और परिचालन को आसान बनाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। कंपनी अपनी व्यवस्थाओं और शेड्यूल को पूरी तरह नया बनाने के लिए जरूरी कदम उठा रही है, ताकि शनिवार से लगातार सुधार शुरू हो सके। एयरलाइन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ''परिचालन को आसान बनाने और एयरपोर्ट्स पर भीड़ कम करने के लिए थोड़े समय के लिए अधिक संख्या में उड़ानें रद्द की जा रही हैं। कल से हम बेहतर ढंग से शुरुआत करेंगे।''
