IndiGo Flight Cancellations: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन विमानन कंपनियों में से एक इंडिगो की उड़ानें लगातार रद्द हो रही हैं जिसकी वजह से हवाई यात्रियों को दिक्कतें हो रही हैं। हालांकि, जल्द ही स्थितियां सामान्य होने की संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। सरकार फ्लाइट्स ऑपरेशन्स की वजह से हो रही दिक्कतों की रियल टाइम निगरानी कर रही है।
कब सामान्य होंगे हालात?
नागर विमानन मंत्रालय में एक 24x7 कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से लगातार रियल टाइम हालातों पर नजर रखा जा रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नागर विमानन मंत्रालय ने आधी रात तक स्थितियां सामान्य होने की संभावनाएं जताई।
नागर विमानन मंत्रालय ने बताया, ''उम्मीद है कि फ्लाइट शेड्यूल आज आधी रात तक सामान्य हो जाएंगी और अगले कुछ दिनों में पूरी सर्विस और स्टेबिलिटी वापस आ जाएगी। फ्लाइट रद्द होने पर इंडिगो टिकट का पूरा रिफंड ऑटोमैटिकली देगा। मंत्रालय में एक 24x7 कंट्रोल रूम लगातार स्थितियों पर अपनी नजर बनाए हुए है।''
IndiGo फ्लाइट अपडेट:
- सभी फ्लाइट शेड्यूल आज आधी रात तक सामान्य होने लगेंगे।
- अगले कुछ दिनों में पूरी सेवाएं और स्थिरत वापस आ जाएगी।
- यात्री घर बैठे फ्लाइट से जुड़ी सूचना प्रणाली के जरिए किसी भी देरी को ट्रैक कर सकते हैं।
- फ्लाइट कैंसिल होने पर इंडिगो पूरा रिफंड देगा, जो खुद-ब-खुद प्रोसेस होगा।
- अगर यात्री फंसे हुए हैं तो उन्हें उन होटलों में ठहराया जाएगा जहां एयरलाइंस ने रहने की व्यवस्था की है।
- वरिष्ठ नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्हें लाउंड एक्सेस दिया जाएगा।
- देरी से चलने वाली फ्लाइट के यात्रियों को रिफ्रेशमेंट और अन्य जरूरी चीजें मुहैया कराई जाएंगी।

इंडिगो की उड़ानें रद्द होने से यात्री परेशान
नागर विमानन मंत्रालय के मुताबिक, केंद्र सरकार हवाई यात्रियों की दिक्कतों को लेकर पूरी तरह से अलर्ट है और सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ लगातार बातचीत कर रही है। शेड्यूल को बहाल करने और जनता की दिक्कतों को कम करने के लिए स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, जिसमें शुक्रवार को डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन द्वारा घोषित नियमों में छूट भी शामिल है।
IndiGo क्यों रद्द कर रहा उड़ानें? (why indigo flights are cancelled)
इंडिगो ने कहा कि शुक्रवार को सबसे अधिक उड़ानें रद्द होने की आशंका है। हवाईअड्डों पर भीड़ कम करने और परिचालन को आसान बनाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। कंपनी अपनी व्यवस्थाओं और शेड्यूल को पूरी तरह नया बनाने के लिए जरूरी कदम उठा रही है, ताकि शनिवार से लगातार सुधार शुरू हो सके। एयरलाइन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ''परिचालन को आसान बनाने और हवाईअड्डों पर भीड़ कम करने के लिए थोड़े समय के लिए अधिक संख्या में उड़ानें रद्द की जा रही हैं। कल से हम बेहतर ढंग से शुरुआत करेंगे।''
