दिल्ली में अब आप यमुना नदी के किनारे से राजधानी का आसमानी नजारा कर सकते हैं। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) 14 नवंबर 2026 से बांसेरा पार्क में हॉट एयर बैलून राइड दोबारा शुरू करने जा रहा है। इस बार परिवारों और व्यक्तिगत पर्यटकों को टिकट पर 20 फीसद की छूट देने की योजना है। राइड के टिकट की सामान्य कीमत करीब 2400 से 3000 रुपये के बीच है। इस पहल का मकसद दिल्ली में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देना और यमुना के आसपास विकसित हरित क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या बढ़ाना है।
हॉट एयर बैलून राइड का संचालन एयर सफारी इंडिया करेगी। पिछले सीजन में अपेक्षा के मुताबिक पर्यटक नहीं पहुंचने के कारण इस बार रियायती टिकटों के जरिए ज्यादा लोगों को आकर्षित करने की कोशिश की जा रही है।
कितनी ऊंचाई तक जाएगा हॉट एयर बैलून?
बांसेरा पार्क में हॉट एयर बैलून को मजबूत रस्सियों से जमीन से बांधकर लगभग 100 से 150 फीट की ऊंचाई तक ले जाया जाएगा। इस दौरान पर्यटकों को यमुना के बाढ़ क्षेत्र, आसपास की हरियाली और दिल्ली की स्काईलाइन का नजारा देखने का मौका मिलेगा।
एक राइड करीब चार से पांच मिनट की होगी। सुरक्षा संबंधी जानकारी देने सहित पूरा अनुभव लगभग 10 मिनट का रहेगा। बैलून की बास्केट में एक बार में अधिकतम 10 लोग सवार हो सकेंगे।
टिकट की कीमत और बुकिंग कैसे करें?
हॉट एयर बैलून राइड के टिकट बांसेरा पार्क के मुख्य टिकट काउंटर पर उपलब्ध होंगे। सामान्य टिकट की कीमत करीब 2400 से 3000 रुपये बताई गई है। इस सीजन में परिवारों और व्यक्तिगत पर्यटकों को 20 फीसद की छूट दी जाएगी। स्कूलों, कॉरपोरेट कंपनियों और समूहों को आकर्षित करने की भी योजना है।
राइड मुख्य रूप से शनिवार और रविवार को सुबह और शाम के स्लॉट में संचालित होगी। समूहों के लिए स्लॉट की पुष्टि या संचालन संबंधी जानकारी लेने के लिए पर्यटक एयर सफारी इंडिया से sales@airsafari.in पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं या +91 97602 10990 पर फोन कर सकते हैं।
DDA ने सलाह दी है कि पर्यटक टिकटों के लिए थर्ड-पार्टी वेबसाइटों पर निर्भर न रहें। बुकिंग और भुगतान संबंधी परेशानी से बचने के लिए पार्क के आधिकारिक टिकट काउंटर का इस्तेमाल करें।
पिछले सीजन कम मिले थे पर्यटक
बता दें कि दिल्ली में हॉट एयर बैलून राइड की शुरुआत 29 नवंबर 2025 को हुई थी। गर्मी शुरू होने पर मार्च 2026 में इसे बंद कर दिया गया था। पिछले सीजन में सप्ताहांत पर औसतन करीब 20 पर्यटक आते थे, जबकि कुछ दिनों में संख्या चार-पांच तक सीमित रही। पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण भी कई बार राइड संचालित नहीं हो पायी।
DDA की योजना यमुना के बाढ़ क्षेत्र में मनोरंजन और इको-टूरिज्म की गतिविधियों को बढ़ावा देने की है। अब देखना होगा कि नई छूट और सर्दियों का मौसम इस आकर्षण को दिल्लीवासियों के बीच कितनी लोकप्रियता दिला पाता है।
