देश

IT के रडार पर कैसे आ गईं एकता कौशिक, आजम खान से करीबी, लग्जरी गाड़ियों के शौक ने बढ़ाई मुश्किल?

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 15, 2023, 05:08 PM IST

Ekta Kaushik News: बताया जा रहा है कि एकता ने आजम खान के बेटे अदीब के साथ पढ़ाई की है और अदीब की पत्नी के साथ भी उनकी दोस्ती गहरी है। वह आजम परिवार के हर कार्यक्रम में शामिल होती रही हैं। बीमार होने के बाद आजम खान जब मेदांता अस्पताल में भर्ती थे तो एकता अस्पताल में उनकी तीमारदारी करती रहीं।

Ekta Kaushik News: गाजियाबाद के राजनगर में रहने वालीं एकता कौशिक चर्चा में हैं। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान एवं उनके परिवार से उनके करीबी रिश्ते होने की बात कही जा रही है। आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को आजम खान और उनके अल-जौहर ट्रस्ट एवं विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों के ठिकानों पर जो छापेमारी की उसमें एकता भी हैं। खास बात यह है कि बाकी जगहों पर छापेमारी जहां खत्म हो गई वहीं आजम खान के एवं एकता के आवास पर आईटी की रेड अभी जारी है। सवाल यह है कि एकता अचानक से आईटी की रडार पर क्यों आ गईं?

आजम खान के बेटे अदीब के साथ पढ़ाई

बताया जा रहा है कि एकता ने आजम खान के बेटे अदीब के साथ पढ़ाई की है और अदीब की पत्नी के साथ भी उनकी दोस्ती गहरी है। वह आजम परिवार के हर कार्यक्रम में शामिल होती रही हैं। बीमार होने के बाद आजम खान जब मेदांता अस्पताल में भर्ती थे तो एकता अस्पताल में उनकी तीमारदारी करती रहीं। इस दौरान आजम के साथ उनकी कई तस्वीरें सामने आईं। सपा नेता के परिवार से एकता की करीबी के चलते उन्हें आजम खान की 'मुंह बोली बेटी' भी कहा जाता है।

अल-जौहर ट्रस्ट पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप

आजम खान अल-जौहर ट्रस्ट पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। इसलिए वह जांच के घेरे में है। जांच एजेंसियां ट्रस्ट एवं विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों की जांच कर रही है। एकता जौहर ट्रस्ट की सदस्य नहीं हैं लेकिन कहा जाता है कि आजम खान ने ट्रस्ट की बड़ी जिम्मेदारी उन्हें दी थी। वह ट्रस्ट एवं विवि के कामकाज को देखती थीं। कहा यह भी जा रहा है कि ट्रस्ट को मिली रकम में हेरा-फेरी की गई है। ट्रस्ट का हिसाब-किताब भी एकता देखा करती थीं। खबर यह भी है कि बीते एक महीने में एकता ने जगुआर, मर्सिडीज और BMW जैसी लग्जरी गाड़ियां खरीदीं।

महंगी गाड़ियां कहां से खरीदीं?

आईटी यह जानना चाहता है कि आखिर एकता ने इतनी महंगी गाड़ियां कहां से खरीदीं। कहा जा रहा है कि एकता ने कम समय में बहुत ज्यादा प्रॉपर्टी बना ली। यही नहीं बीते कुछ दिनों में एकता का कई बार लखनऊ दौरा भी संदेह के घेरे में है। आईटी की टीम एकता एवं उनके परिवार के लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है। उनके घर में किसी के आने-जाने की इजाजत नहीं है।

सपा अध्यक्ष के भी करीब हैं एकता

बुधवार को आईटी विभाग ने तीन राज्यों 28 से ज्यादा जगहों पर रेड की। जांच टीम में 150 से ज्यादा कर्मचारी शामिल हुए। आजम खान से जुड़े जिन जगहों पर रेड पड़ी उनमें सहारनपुर, सीतापुर, बुलंदशहर, लखनऊ, रामपुर, मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, सीतापुर और बुलंदशहर शामिल हैं। एकता समाजवादी पार्टी की नेता भी हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी इनकी करीबी बताई जाती है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article