Himachal Election: अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur), हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे और मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री। पार्टी से लेकर सरकार तक में इनका कद हमेशा से बढ़ते रहा है। एक समय में कहा जाता था कि पिता के बाद हिमाचल के सीएम यही बनेंगे, लेकिन अब जो समीकरण बनते दिख रहे हैं, उससे कहानी कुछ और ही बयां हो रही है।
न पिता को टिकट न ससुर को
अनुराग ठाकुर इस समय हिमाचल चुनाव में सक्रिय जरूर हैं, लेकिन चुनाव से पहले ही बीजेपी आलाकमान ने उन्हें झटके पर झटका दे दिया है। उनके पिता प्रेम कुमार धूमल, जिनका एक समय में हिमाचल की राजनीति में सिक्का चलता था, आज उन्हें टिकट ही नहीं मिली है। सिर्फ अनुराग ठाकुर के पिता को ही नहीं बल्कि उनके ससुर गुलाब सिंह ठाकुर को भी बीजेपी ने टिकट नहीं दिया है।
कहां से बदला समीकरण
धूमल जब राजनीति में शीर्ष पर थे, तब उन्होंने बेटे अनुराग को राजनीति में उतारा था। अनुराग हिमाचल से चार बार सांसद चुने गए हैं। केंद्र में मंत्री हैं, लेकिन खेल पिछले चुनाव से खराब होने लगा था। दरअसल पिछली बार धूमल बीजेपी को तो राज्य में जिता गए, लेकिन खुद चुनाव हार गए थे। इसके बाद सीएम के नाम के लिए कई नाम सामने आए, जिसमें अनुराग ठाकुर के नाम पर भी अटकलें लगीं थीं, लेकिन बाजी जयराम ठाकुर मार गए।
अब क्या है समीकरण
जयराम ठाकुर जब सीएम बने, तब भी अनुराग ठाकुर का कद बढ़ता ही रहा, लेकिन अब तो आलाकमान ने भी साफ कर दिया है कि हिमाचल में चुनाव जयराम ठाकुर के फेस पर ही लड़ा जाएगा।
