देश

'दाल में जरूर कुछ काला है, अब आंदोलन छेड़ें योग गुरु', CM सुक्खू की बाबा रामदेव से अपील

बाबा रामदेव द्वारा भर्ती परीक्षाओं में धांधली और भ्रष्टाचार पर चिंता जताने के बाद हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिक्रिया दी है। सीएम सुक्खू ने कहा कि अगर रामदेव ऐसा कह रहे हैं तो जरूर कुछ गलत हो रहा है और उन्हें भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व करना चाहिए।

Image

सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का बड़ा बयान

Photo : ANI

योग गुरु बाबा रामदेव द्वारा देश में शिक्षा और सरकारी भर्तियों में हो रही धांधली को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर शिमला में पत्रकारों से बात करते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यदि बाबा रामदेव जैसा व्यक्तित्व इस तरह की बात उठा रहा है, तो निश्चित तौर पर कहीं न कहीं व्यवस्था में कुछ गड़बड़ी जरूर है। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव को अब भ्रष्टाचार के खिलाफ एक नया आंदोलन शुरू करना चाहिए।

पीटीआई के मुताबिक मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपनी सरकार का बचाव करते हुए कहा कि उनके साढ़े तीन साल के कार्यकाल में राज्य में कोई पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के शासनकाल में पुलिस भर्ती और चयन आयोग के पर्चे बेचे गए थे। सुक्खू ने कहा कि जब तक ऊपर से निर्देश या शह नहीं मिलती, तब तक पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं हो सकतीं।

उनकी सरकार में धांधली करने वाले और पेपर बेचने वाले आज भी सलाखों के पीछे हैं। दूसरी तरफ, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी बाबा रामदेव के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को पूरी तरह खत्म किया जाना चाहिए और बाबा रामदेव की भावनाएं सही दिशा में हैं।

इससे पहले पतंजलि योगपीठ में बाबा रामदेव ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि परीक्षाओं में हो रहे घपले और धांधली को जल्द ठीक नहीं किया गया, तो युवाओं का गुस्सा और बढ़ सकता है। उन्होंने 2011 के रामलीला मैदान आंदोलन की याद दिलाते हुए कहा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो उन्हें फिर से आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ सकता है। हालांकि, उन्होंने 'जेन ज़ी' (Gen Z) यानी युवा पीढ़ी से अपील की कि वे अपना विरोध पूरी तरह से संवैधानिक और शांतिपूर्ण दायरे में ही रखें।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article