देश

Heatwave: महाराष्ट्र-प.बंगाल समेत कई राज्यों में प्रचंड गर्मी, दिल्ली को कब मिलेगी राहत; जानें मौसम का हाल

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Apr 17, 2023, 09:50 AM IST

Heatwave in India: भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि अप्रैल से जून तक उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का दौर जारी रहेगा। इस दौरान सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने हीटवेव की भी संभावना जताई है।

Image

देश के कई हिस्सों में हीटवेव का दौर जारी

Photo : BCCL

Heatwave in India: देश के कई हिस्सों में मौसम ने बड़ी तेजी से करवट ली है। मार्च में मिले-जुले मौसम के बाद अप्रैल की शुरुआत होते ही पारा सिर चढ़कर बोलने लगा है। महीने की शुरुआत से ही प्रचंड गर्मी का दौर जारी है और तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच रहा है। बढ़ती गर्मी से लोगों का जीना तक मुहाल हो गया है, यहां तक कि बात लोगों की जान पर बन आई है।

गर्मी की सितम यह है कि महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में जबरदस्त हीटवेव का दौर जारी है। रविवार को हीटवेव के कारण महाराष्ट्र के नवी मुंबई में 11 लोगों की जान चली गई, तो पश्चिम बंगाल में गर्मी की कारण सभी शैक्षणिक संस्थानों को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अप्रैल से जून तक उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से अधिक तापमान और सामान्य से अधिक हीटवेव की संभावना है।

महाराष्ट्र के मौसम का हाल

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में हीटवेव के चलते रविवार को 11 लोगों की जान चली गई। यहां रविवार को पारा 38 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कम से कम 10 जिलों में पारा 40 डिग्री के ऊपर रह रहा है।

बिहार के लोगों को नहीं मिलेगी राहत

बिहार के लोगों को बढ़ते तापमान से फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले तीन से चार दिनों में यहां लू की स्थिति बनी रहेगी। यहां के देहरी, पटना, जमुई,खगड़िया और शेखपुरा में पारा 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।

ओडिशा के मौसम का हाल

ओडिशा में मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग की ओर से कहा गया है कि करीब एक दर्जन जिलों में तापमान काफी ज्यादा रहने की संभावना है। बता दें, ओडिशा के करीब 20 जिलों में रविवार को पारा 40 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया था।

इन राज्यों में भी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत

इसके अलावा पश्चिम बंगाल में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसारा 19 अप्रैल तक यहां के तटीय इलाकों में हीटवेव जारी रहेगी। यहां भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। वहीं राजस्थान में भी गर्मी से बुरा हाल है। राजस्थान में आने वाले एक से दो दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश के लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। यहां सोमवार से बारिश की संभावना बन रही है।
प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article