देश

Haryana Bus Accident: स्थानीय लोगों ने की थी नशेड़ी ड्राइवर को रोकने की कोशिश, छीन ली थी बस की चाबी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 12, 2024, 09:28 AM IST

Haryana Bus Accident: समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सिर्फ ग्रामीणों ने ही नहीं, बल्कि कुछ अभिभावकों ने भी स्कूल अधिकारियों को ड्राइवर की शराब पीने की आदत के बारे में बताया था। लेकिन स्कूल प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।

Image

महेंद्रगढ़ बस हादसा

Photo : PTI

Haryana Bus Accident: हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में गुरुवार को हुई बस दुर्घटना को टाला जा सकता था, जिसमें छह स्कूली बच्चों की मौत हो गई और 20 घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ग्रामीणों ने ड्राइवर धर्मेंद्र से चाबी छीन ली और बस को आगे बढ़ने से रोक दिया था। ड्राइवर नशे में लग रहा था। हालाकि, स्कूल अधिकारियों की ओर से धर्मेंद्र को बदलने के आश्वासन के बाद चाबी वापस सौंप दी गई। लेकिन ड्राइवर ने इस वाकये के कुछ देर बाद ही एक्सीटेंड कर दिया।

नशे में था ड्राइवर धर्मेंद्र

स्कूल प्रशासन ने इन ग्रामीणों से अनुरोध किया कि वे फिलहाल धर्मेंद्र को चाबी वापस दे दें, और भविष्य में एक नया ड्राइवर भेजेंगे। हालांकि, बस कुछ ही दूरी तय कर पाई थी कि सुबह करीब 8.30 बजे कनिनी के उन्हाणी गांव के पास ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस एक पेड़ से टकरा गई। लगभग 40 बच्चों को जीएल पब्लिक स्कूल ले जा रही ये बस पेड़ से टकराकर पलट गई। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, सिर्फ ग्रामीणों ने ही नहीं, बल्कि कुछ अभिभावकों ने भी स्कूल अधिकारियों को ड्राइवर की शराब पीने की आदत के बारे में बताया था। लेकिन स्कूल प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। गुरुवार को भी उन्होंने स्कूल को अलर्ट किया था कि ड्राइवर शराब के नशे में है।

प्रिंसिपल सहित तीन गिरफ्तार

इस मामले में अब तक तीन लोगों धर्मेंद्र, स्कूल की प्रिंसिपल दीप्ति और एक अन्य अधिकारी होशियार सिंह को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने कहा कि धर्मेंद्र को दुर्घटनास्थल पर पकड़ा गया और उसकी मेडिकल जांच से पुष्टि हुई कि वह शराब के नशे में था। निजी स्कूल को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है कि ईद के अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश होने के बावजूद वह गुरुवार को क्यों खुला था। मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय पैनल का गठन किया गया है।

ईद के दिन क्यों खुला था स्कूल?

कनीना के पुलिस उपाधीक्षक महेंद्र सिंह ने कहा, हम जांच करेंगे कि छुट्टी के दिन भी स्कूल क्यों खुला था। ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि बस का फिटनेस प्रमाणपत्र 2018 में समाप्त हो गया था और हरियाणा के परिवहन मंत्री असीम गोयल ने कहा कि वाहन का लगातार उपयोग स्कूल अधिकारियों की ओर से एक स्पष्ट चूक है। यह बात सामने आने के बाद कि बस में कुछ दस्तावेजों की कमी थी, जिला-परिवहन-सह-सचिव महेंद्रगढ़ के कार्यालय में एक सहायक सचिव को भी निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा) को दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने और जिम्मेदार लोगों का पता लगाने का निर्देश दिया गया है।

स्कूल की मान्यता रद्द करने का प्रस्ताव भेजा

ईद के अवकाश के दिन गुरुवार को खुला रहने के कारण जीएल पब्लिक स्कूल सवालों के घेरे में आ गया है। महेंद्रगढ़ की उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की मान्यता रद्द करने के लिए राज्य सरकार को एक प्रस्ताव भेजा है क्योंकि यह ईद पर भी चल रहा था। कारण बताओ नोटिस के साथ यह कार्रवाई की गई है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article