देश

Haryana Floor Test: हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार ने हासिल किया विश्वास मत, खट्टर का करनाल विधानसभा से इस्तीफा

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated Mar 13, 2024, 03:53 PM IST

Haryana Floor Test News: हरियाणा में मंगलवार को नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नई सरकार बनने के बाद विधानसभा के एक दिवसीय सत्र में सरकार ने बहुमत साबित कर दिया।

Image

हरियाणा में नायब सिंह सैनी सरकार ने विश्वासमत हासिल कर लिया है

Haryana Floor Test: हरियाणा सदन में नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini Government) सरकार ने विश्वासमत हासिल कर लिया है, विधान सभा (Haryana Assembly) में बिना मतदान ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित कर दिया गया यानी हरियाणा की भाजपा सरकार ने विधानसभा में बहुमत पेश करते हुए फ्लोर टेस्ट में पास कर लिया है और सरकार को बहुमत का आंकड़ा हासिल हो गया है।

इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में अपनी सरकार के लिए विश्वास प्रस्ताव पेश किया। सदन में विश्वास मत पर चर्चा के दौरान सीएम नायब सिंह सैनी बोल ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि वे बतौर सीएम सदन में आए हैं।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि, 'मैं एक साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आता हूं, मेरे परिवार में कोई भी राजनीति में नहीं है, मैं सिर्फ भाजपा का एक पार्टी कार्यकर्ता हूं और आज मुझे इतना बड़ा मौका दिया गया है। यह तभी संभव हो सकता है भाजपा जैसी पार्टी हो।'

वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे मनोहर लाल खट्टर ने करनाल विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है।

वहीं पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने शायराना अंदाज में कहा कि मालूम था सबको एक दिन यार बदलेंगे, नाटक वही रहेगा पर किरदार बदलेंगे। हुड्डा ने कहा कि तुम सीएम बदलते रहना हम सरकार बदलेंगे। हुड्डा ने कहा कि ये स्वार्थ का गठबंधन था।

भाजपा और चौटाला की पार्टी जेजेपी के बीच मतभेद के बीच घटनाक्रम

गौर हो कि मनोहर लाल खट्टर के चौंकाने वाले इस्तीफे के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले सैनी ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को 48 विधायकों के समर्थन का पत्र भेजा। उन्होंने विश्वास मत के लिए विधानसभा सत्र बुलाने की भी मांग की, आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर भाजपा और दुष्‍यंत चौटाला की पार्टी JJP के बीच मतभेद के बीच यह घटनाक्रम सामने आया था।

90 सदस्यीय राज्य विधानसभा में भाजपा के 41 सदस्य

54 वर्षीय ओबीसी नेता और हरियाणा के भाजपा प्रमुख सैनी को चंडीगढ़ के राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल दत्तात्रेय ने शपथ दिलाई। पांच विधायकों, चार भाजपा के और एक निर्दलीय ने भी मंत्री पद की शपथ ली। 90 सदस्यीय राज्य विधानसभा में भाजपा के 41 सदस्य हैं, और उसे सात में से छह निर्दलीय विधायकों के साथ-साथ हरियाणा लोकहित पार्टी के एकमात्र विधायक गोपाल कांडा का भी समर्थन हासिल है। सदन में जेजेपी के 10 विधायक हैं। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के पास 30 विधायक हैं, जबकि इंडियन नेशनल लोकदल के पास एक विधायक है।

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article