Hardeep Puri : ईरान, अमेरिका-इजरायल युद्ध की वजह से दुनिया भर में तेल आपूर्ति पटरी से उतर गई। देशों में एलपीजी-एनपीजी सहित तेल की किल्लत होने लगी है। ऑयल टैंकरों पर बुधवार रात ईरान के हमलों के बाद यह संकट और बड़ा हो गया है। वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल के दाम प्रति बैरल 100 डॉलर को छू गए हैं। तेल संकट के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी लोकसभा में बयान देने वाले हैं। युद्ध से उत्पन्न हुए संकट के बाद भारत में ऊर्जा एवं ईंधन की क्या स्थिति है, इस पर वह सदन को जानकारी देंगे।
सदन में मौजूद रहेंगे राहुल गांधी
सूत्रों का कहना है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सदन में मौजूद रहेंगे और इस मुद्दे पर होने वाली चर्चा के दौरान हस्तक्षेप कर सकते हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बुधवार को एक अंतर-मंत्रालयी प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण वैश्विक ऊर्जा मार्ग प्रभावित होने के बावजूद भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित बनी हुई है। उन्होंने कहा, 'भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित है। हमारी दैनिक खपत लगभग 55 लाख बैरल है। विविध स्रोतों से खरीद (डाइवर्सिफाइड प्रोक्योरमेंट) के कारण आज हमारे पास जितनी मात्रा सुरक्षित है, वह इस अवधि में आमतौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आने वाली मात्रा से भी अधिक है।'
सरकार ने वृद्धि का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन किया
पश्चिम एशिया में तनाव के कारण भारत में एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने के बीच शर्मा ने कहा कि सरकार ने उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए लागत में हुई बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन किया है। उन्होंने बताया, 'फिलहाल एलपीजी को घरेलू क्षेत्र की ओर मोड़ा जा रहा है। गैर-घरेलू एलपीजी के मामले में अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे आवश्यक क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है।'
क्रूड ऑयल 100 डॉलर के पार
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक 'ब्रेंट क्रूड’ की कीमत बृहस्पतिवार तड़के 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई। इसकी कीमत कुछ दिन पहले भी 120 अमेरिकी डॉलर के करीब पहुंच गई थी। होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास वाणिज्यिक पोतों पर ईरानी हमलों के कारण आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ने से तेल की कीमत में नौ प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। अमेरिका के मानक कच्चे तेल का दाम बढ़कर लगभग 95 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।
