Har Ghar Tiranga 2026: देश में आज यानी 9 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत हो गई है। यह अभियान 17 अगस्त तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य देशवासियों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत वर्ष 2022 में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत की गई थी। इसके बाद यह अभियान बड़े जनभागीदारी आंदोलन के रूप में विकसित हुआ है। इस पहल के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में नागरिकों को तिरंगे के साथ जुड़ने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाता है।
इस बार क्यों खास है ‘हर घर तिरंगा’?
इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के अवसर से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे में इस बार राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रीय गीत को केंद्र में रखकर देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान देशभर में ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन का भी आयोजन किया जाएगा। संस्कृति मंत्रालय ने नागरिकों से तिरंगा गर्व के साथ फहराने, ‘वंदे मातरम्’ सीखने और गाने तथा स्थानीय स्तर पर आयोजित सामुदायिक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की है।
14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’
स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत 14 अगस्त को देशभर में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा। इस दौरान भारत के विभाजन के कारण लोगों को झेलनी पड़ी पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष को याद किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मौन मार्च, प्रदर्शनियां, डॉक्यूमेंट्री स्क्रीनिंग और दूसरे स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विदेशों में भी होंगे ‘हर घर तिरंगा’ से जुड़े कार्यक्रम
‘हर घर तिरंगा’ अभियान का असर भारत तक सीमित नहीं रहेगा। विदेशों में स्थित 200 से ज्यादा भारतीय दूतावास, उच्चायोग और वाणिज्य दूतावास भी अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस वर्ष अभियान का एक खास आकर्षण ‘सूर्य पथ तिरंगा’ डिजिटल रिले होगा। इसमें अलग-अलग टाइम जोन में सूर्योदय के क्रम के अनुसार चुने गए 54 भारतीय मिशन और पोस्ट हिस्सा लेंगे। यह डिजिटल रिले 15 अगस्त को भारत के सबसे पूर्वी राजनयिक मिशन फिजी से शुरू होगी और अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में समाप्त होगी।
लोगों से की गई ज्यादा से ज्यादा भागीदारी की अपील
संस्कृति मंत्रालय ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ-साथ ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन और स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेने को कहा गया है। सरकार का उद्देश्य अभियान के जरिए तिरंगे को देश की एकता, सम्मान और सामूहिक राष्ट्रीय पहचान के प्रतीक के रूप में जन-जन से जोड़ना है।
9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान
इस साल ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चलेगा। स्वतंत्रता दिवस के आसपास आयोजित होने वाला यह अभियान देशभर में नागरिकों की भागीदारी के जरिए राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने पर केंद्रित है।
